Kargil Vijay Diwas: कारगिल विजय दिवस पर पीएम मोदी बोले, वीर सैनिकों का अदम्य साहस राष्ट्रीय गौरव का स्रोत, राष्ट्रपति ने वीर सैनिकों को दी श्रद्धांजलि

Operation Vijay: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कारगिल विजय दिवस पर कहा कि अत्यंत विषम परिस्थितियों में भारत के वीर सैनिकों द्वारा प्रदर्शित अदम्य साहस सदैव राष्ट्रीय गौरव का स्रोत बना रहेगा। पीएम मोदी ने कहा कि भारत की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए असाधारण वीरता और समर्पण का परिचय देने वाले वीर सैनिकों के प्रति देश अपनी कृतज्ञता व्यक्त करता है।
राष्ट्रपति ने वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी, कहा-राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों को रविवार को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा। भारतीय सेना ने 26 जुलाई 1999 को लद्दाख में कारगिल की बर्फीली चोटियों पर पाकिस्तानी सैनिकों के साथ करीब तीन महीने तक चले संघर्ष के बाद जीत हासिल करते हुए ऑपरेशन विजय की सफल समाप्ति की घोषणा की थी।



