ED Raid: ईडी ने तृणमूल कांग्रेस के बैंक खाते से जुड़े लेन-देन के मामले में कोलकाता में की छापेमारी

TMC: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तृणमूल कांग्रेस के बैंक खातों में संदिग्ध धनराशि के लेन-देन संबंधी अपनी जांच के सिलसिले में मंगलवार को कोलकाता में कई स्थानों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम बंगाल की राजधानी में करीब पांच परिसरों पर छापेमारी की जा रही है।
इसलिए की गई छापेमारी
उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में यह संकेत मिलता है कि 150 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि विमानन और यात्रा कंपनियों के माध्यम से भेजी गई है। ईडी के अधिकारियों ने बताया कि केयरवेल एविएशन और उसके निदेशकों के परिसरों के साथ-साथ एक कथित चुनावी ट्रस्ट के यहां भी छापेमारी की जा रही है। कोलकाता पुलिस ने पिछले महीने पार्टी के तीन बैंक खातों से धन निकालने पर रोक लगा दी थी। यह कार्रवाई पार्टी के बागी विधायकों की शिकायतों के बाद की गई, जिन्होंने खातों में जमा धन के स्रोत की जांच की मांग की थी। यह घटनाक्रम विपक्षी दल के वित्तीय कोष पर नियंत्रण को लेकर जारी अंदरूनी खींचतान के बीच सामने आया। माना जा रहा है कि इन खातों में लगभग 440 करोड़ रुपये हैं।
जानें, क्या है मामला
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने दो जुलाई को ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस गुट की याचिका पर सुनवाई करते हुए निजी बैंक अधिकारियों को उन खातों में मौजूद रकम की जानकारी देने का निर्देश दिया था। इस याचिका में पार्टी के बैंक खातों से पैसे निकालने पर लगी रोक को चुनौती दी गई थी। सूत्रों ने हाल में बताया था कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 20 जुलाई से शुरू होने वाले संसद के मानसून सत्र से पहले तृणमूल कांग्रेस में दल-बदल के मामलों पर फैसला लेंगे। यह कदम मूल पार्टी द्वारा बागी सांसदों की सदस्यता रद्द करने के अनुरोध पर उठाया गया है। (भाषा)



