Sambhal Violence: संभल हिंसा में सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क व विधायक इकबाल महमूद के बेटे सुहेल पर मुकदमा

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के संभल जिले में जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा के मामले में समाजवादी पार्टी (सपा) के क्षेत्रीय सांसद जियाउर्रहमान बर्क और संभल सदर सीट से सपा विधायक इकबाल महमूद के बेटे सुहेल इकबाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में अब तक कुल सात मुकदमे दर्ज करके 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
विवेचना में जो बात आएगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगीः एसपी
संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया के साथ संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि सांसद जियाउर्रहमान बर्क और सपा विधायक इकबाल महमूद के बेटे सुहेल इकबाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना में जो बात आएगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि बर्क द्वारा पूर्व में दिए गए भड़काऊ बयान पर उन्हें नोटिस दिया गया था। उनके पिता ममलूकुर रहमान का 10 लाख का मुचलका भरवाया गया था।
संभल हिंसा में अब तक सात मुकदमे दर्ज, छह नामजद व 2750 अज्ञात आरोपी; 25 गिरफ्तार
विश्नोई ने बताया कि पुलिस ने संभल हिंसा मामले में अब तक कुल सात मुकदमे दर्ज किएं हैं, जिनमें छह नामजद और 2750 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। अब तक कुल 25 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि वारदात की सीसीटीवी तथा अन्य वीडियो फुटेज का अध्ययन कर दंगाइयों की पहचान की जा रही है। उन्होंने बताया कि दंगाइयों के बारे में सूचना देने वालों को इनाम दिया जाएगा और जितने भी लोगों पर मुकदमा है उन सबको गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। हिंसा में मारे गए युवकों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट संबंधी सवाल पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह विवेचना का सवाल है। अभी वह इस बारे में कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।
भीड़ ने पथराव किया और गोलियां चलाईंः जिलाधिकारी
जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने कहा कि संभल में रविवार दोपहर बाद से शांति व्याप्त है। जनजीवन सामान्य है। साप्ताहिक बंदी के बावजूद आज लोगों ने अपनी दुकानें खोलीं। स्थिति पूरी तरह सामान्य है। रात को गश्त की गयी। किसी तरह की कोई समस्या नहीं है। 19 नवंबर को सर्वे शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ था। जुमे की नमाज भी शांतिपूर्ण ढंग से हुई थी। रविवार को जब यह एलान हुआ कि सर्वे हो गया है, तो उसके बाद अचानक पथराव शुरू हुआ। हमें लगता है कि रातोंरात प्लानिंग की गई थी। जांच में इसका खुलासा हो सकेगा। भीड़ ने अपने ही लोगों पर पथराव किया और गोलियां चलाईं। इससे लगता है कि उनमें आपस में भी कुछ रहा हो।
हिंस हिंसा, गोलीबारी और पथराव में उप जिलाधिकारी रमेश चंद्र समेत 20 जख्मी
संभल की जामा मस्जिद में अदालत के आदेश पर रविवार को किए जा रहे सर्वेक्षण का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारी पुलिस से भिड़ गए थे। इस दौरान तीन व्यक्तियों की मौत हो गई थी। इस हिंसा, गोलीबारी और पथराव में उप जिलाधिकारी रमेश चंद्र समेत कुल 20 लोग जख्मी हुए हैं। हिंसा के बाद व्याप्त तनाव को देखते हुए संभल तहसील में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं तथा 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूल सोमवार को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। एक स्थानीय अदालत के आदेश पर गत मंगलवार को जामा मस्जिद का सर्वेक्षण किया गया था जिसके बाद से संभल में पिछले कुछ दिनों से तनाव व्याप्त था। रविवार को सर्वेक्षण करने वाली टीम दोबारा मस्जिद का सर्वे करने गई थी। स्थानीय अदालत में एक याचिका दाखिल करके दावा किया गया है कि जिस जगह पर जामा मस्जिद है, वहां पहले हरिहर मंदिर था।
संभल हिंसा में मरने वालों की संख्या चार हुई
संभल की जामा मस्जिद में रविवार को सर्वेक्षण के दौरान हुई हिंसा में घायल एक और व्यक्ति की मौत हो गई जिससे हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गयी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
संभल में 30 नवंबर तक ‘बाहरी’ लोगों के प्रवेश पर रोक
संभल जिले में स्थित जामा मस्जिद में रविवार को सर्वेक्षण के काम के दौरान हुई हिंसा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने आगामी 30 नवंबर तक जिले में बाहरी लोगों के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान में कहा गया है कि अब किसी भी बाहरी व्यक्ति, सामाजिक संगठन या जनप्रतिनिधि को जिले में दाखिल होने के लिए प्रशासन से अनुमति लेनी होगी।
संभल मामले पर उच्चतम न्यायालय को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए: राहुल गांधी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के संभल में हिंसा के लिए सोमवार को राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि इस मामले में उच्चतम न्यायालय को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि प्रशासन द्वारा सभी पक्षों को सुने बिना और संवेदनहीनता के साथ कार्रवाई की गई।
विपक्षी दलों ने संभल में हुई हिंसा के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया, सत्तारूढ़ दल ने किया पलटवार
उत्तर प्रदेश में विपक्षी दलों ने संभल में हुई हिंसा के लिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जिम्मेदार ठहराया और आरोप लगाया कि पार्टी ने अपनी “नफरत की राजनीति” को बढ़ावा देने के लिए मस्जिद में सर्वेक्षण दल भेजा था। भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद से ही ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (‘इंडिया’) गठबंधन अशांति फैलाने की कोशिश कर रहा है। (भाषा)



