Education: ओम बिरला बोले-बड़े सपने देखें, समर्पण के साथ लक्ष्य को करें हासिल

Om Birla: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बृहस्पतिवार को कहा कि शिक्षा राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने युवाओं से बड़े सपने देखने तथा समर्पण के साथ अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए काम करने का आह्वान किया।
छात्रों से निरंतर प्रयास और समर्पण के माध्यम से सफलता प्राप्त करने की अपील की
एक निजी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने छात्रों से निरंतर प्रयास और समर्पण के माध्यम से सफलता प्राप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व के समग्र विकास और जीवन मूल्यों को आत्मसात करने की सतत प्रक्रिया है।
युवाओं के लिए नवाचार, मौलिक सोच और तकनीक के साथ आगे बढ़ना अनिवार्य
आज के परिवर्तित दौर में युवाओं के लिए नवाचार, मौलिक सोच और तकनीक के साथ आगे बढ़ना अनिवार्य है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के माध्यम से देश की शिक्षा व्यवस्था एक नई दिशा प्राप्त कर रही है, जो छात्रों की जिज्ञासा, प्रतिभा और कौशल को निखारने पर बल देती है।
असफलताओं से सीख लेकर निरंतर आगे बढ़ते रहें
मेरा विद्यार्थियों से आग्रह है कि वे अनुशासन, परिश्रम और सेवा की भावना को अपने जीवन का आधार बनाएं, असफलताओं से सीख लेकर निरंतर आगे बढ़ते रहें और विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



