Vanatara: वनतारा ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश को किया स्वीकार, कहा-तथ्यान्वेषी जांच में एसआईटी के साथ करेंगे सहयोग

Supreme Court News: रिलायंस फाउंडेशन के प्राणी बचाव एवं पुनर्वास केंद्र वनतारा ने कहा है कि वह कानून का पालन नहीं करने और भारत एवं विदेशों से जानवरों के अधिग्रहण के आरोपों की जांच के लिए उच्चतम न्यायालय द्वारा नियुक्त विशेष जांच दल (एसआईटी) को पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा।
वनतारा के खिलाफ शिकायतों की तथ्यान्वेषी जांच के लिए एसआईटी का गठन
उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को गुजरात के जामनगर स्थित हरित प्राणी बचाव एवं पुनर्वास केंद्र वनतारा के खिलाफ तथ्यान्वेषी जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। शीर्ष अदालत ने कानून का पालन न करने और भारत व विदेशों से जानवर, विशेषकर हाथियों की खरीद के आरोपों के मद्देनजर एसआईटी का गठन किया है। न्यायमूर्ति पंकज मिथल और न्यायमूर्ति पीबी वराले की पीठ ने दो जनहित याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए शीर्ष अदालत के पूर्व न्यायाधीश जे. चेलमेश्वर की अध्यक्षता में चार सदस्यीय एसआईटी का गठन किया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जांच में तेजी आ सकती है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



