IGI: बांग्लादेशी नागरिक अंडरगारमेंट्स में छिपाकर ला रहा था सोना बनाने वाले केमिकल पेस्ट से भरे कैप्सूल, ऐसे हुई गिरफ्तारी

CISF: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर एक बांग्लादेशी नागरिक से 1.88 करोड़ रुपये मूल्य का एक किलो से अधिक सोना बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एक आधिकारिक बयान में बुधवार को यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार, यह व्यक्ति 12 सितंबर को जेद्दा से आया था और उसे ढाका के लिए यात्रा करनी थी, तभी टर्मिनल-तीन के अंतरराष्ट्रीय पारगमन क्षेत्र में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने उसे रोका।
कस्टम्स और सीआईएसएफ ने ऐसे की गिरफ्तारी
दिल्ली कस्टम्स (एयरपोर्ट और जनरल) ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि कस्टम्स और सीआईएसएफ के तालमेल से ट्रांजिट के दौरान सोने की तस्करी नाकाम। 12 सितंबर को जेद्दा से आकर ढाका जाने वाले एक बांग्लादेशी यात्री को टर्मिनल-तीन के इंटरनेशनल ट्रांजिट एरिया में सीआईएसएफ अधिकारियों ने रोका। जांच करने पर उसके अंडरगारमेंट में छिपाकर रखे गए केमिकल पेस्ट के रूप में सोने के तीन अंडाकार कैप्सूल मिले (पैकिंग सहित वजन 1,596 ग्राम)। यात्री को विमान से उतारकर आईजीआई एयरपोर्ट पर कस्टम्स प्रिवेंटिव (शिफ्ट) के पास लाया गया। सोने को निकालने की प्रक्रिया में 1,346 ग्राम वजन की सोने की दो छड़ें मिलीं, जिनकी कीमत 1,88,20,715 रुपये है। यात्री ने स्वीकार किया कि उसे यह सोना ट्रांजिट एरिया में ही मौजूद एक व्यक्ति को सौंपना था। सीआईएसएफ और कस्टम्स के बेहतरीन तालमेल ने सीमा-पार ट्रांज़िट तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया। कस्टम्स एक्ट, 1962 की धारा 110 के तहत सोना जब्त किया गया और धारा 104 के तहत यात्री को गिरफ्तार किया गया। मामले की जांच चल रही है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



