US News: डोनाल्ड ट्रंप ने एरिजोना में भी जीत दर्ज की, सभी सात प्रमुख राज्यों में कमला हैरिस को हराया

अमेरिका (America) में हाल में हुए राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करने वाले डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को एरिजोना राज्य में भी विजयी परचम लहराया। इसके साथ ही, उन्होंने सभी सात प्रमुख राज्यों में डेमोक्रेटिक पार्टी की अपनी प्रतिद्वंद्वी कमला हैरिस को हरा दिया है।
बाइडन ने ट्रंप को 13 नवंबर को व्हाइट हाउस में बैठक के लिए किया आमंत्रित
अमेरिका के निवर्तमान राष्ट्रपति जो. बाइडन ने नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को 13 नवंबर को व्हाइट हाउस में बैठक के लिए आमंत्रित किया है। इस बैठक के बाद औपचारिक रूप से राष्ट्रपति पद का हस्तांतरण करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
ट्रंप की हत्या की साजिश के आरोपी को इजराइली पर्यटकों को भी निशाना बनाने का दिया था जिम्मा: अधिकारी
अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की साजिश रचने के आरोप में अमेरिकी खुफिया ब्यूरो (एफबीआई) द्वारा गिरफ्तार किए गए एक ईरानी नागरिक को ईरानियों ने श्रीलंका में इजराइली पर्यटकों को निशाना बनाने का भी काम सौंपा था। न्याय विभाग ने यह जानकारी दी। ईरान के फरहाद शकेरी (51) के खिलाफ ट्रंप की हत्या की साजिश में कथित संलिप्तता के संबंध में शुक्रवार को आपराधिक शिकायत दर्ज की गई। शकेरी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) का सदस्य है। वह फिलहाल फरार है और माना जा रहा है कि वह तेहरान में है।
ट्रंप ने अपने शपथ ग्रहण समारोह की योजना बनाने के वास्ते गठित की समिति
अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 20 जनवरी 2025 को होने वाले अपने शपथ ग्रहण समारोह की योजना बनाने और अन्य आयोजनों के लिए एक समिति के गठन की शनिवार को घोषणा की। (भाषा)



