शहर-राज्य

Kanpur News: बेटी का पता नहीं लगने से परेशान दंपति ने किया पुलिस आयुक्त दफ्तर के बाहर आत्मदाह का प्रयास

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के कानपुर जिले में एक दंपति ने तीन महीने से ज्यादा समय से लापता अपनी बेटी का पता लगाने को लेकर पुलिस द्वारा कथित तौर पर कोई कार्रवाई नहीं करने से क्षुब्ध होकर शुक्रवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय के बाहर आत्मदाह की कोशिश की। दंपति को आशंका है कि उनकी बेटी का अपहरण करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई है।

जांच अधिकारी और थानाध्यक्ष के खिलाफ जांच शुरू
अपर पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी) विजेंद्र द्विवेदी ने संवाददाताओं को बताया कि बिल्हौर के मन्नीवाड़ा निवासी एक व्यक्ति और उनकी पत्नी ने पुलिस आयुक्त कार्यालय के बाहर आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। दंपति का आरोप है कि पुलिस पिछली 31 अगस्त से लापता उनकी बेटी का पता लगाने में आनाकानी कर रही है। पीड़ितों द्वारा पुलिस आयुक्त कार्यालय में आत्महत्या के प्रयास के बाद शीर्ष अधिकारियों ने लड़की की गुमशुदगी के मामले के जांच अधिकारी (आईओ) और संबंधित थानाध्यक्ष के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। बिल्हौर के सहायक पुलिस आयुक्त सुमित सुधाकर रामटेके को आईओ और थानाध्यक्ष की भूमिका की भी जांच करने और निर्धारित समय सीमा में पुलिस आयुक्त को रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा गया है।

लड़की का पता जल्द लगाने का दिया आश्वासन
पीड़ित ने संवाददाताओं को बताया कि उनकी बेटी गत 31 अगस्त को मंदिर में जलाभिषेक करने के बाद घर लौट रही थी, तभी किसी ने उसे अगवा कर लिया। उन्होंने बिल्हौर थाने में बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने उनकी बेटी का पता लगाने में आनाकानी की। हम तीन बार पुलिस आयुक्त कार्यालय गये और कई बार इधर-उधर भटक चुके हैं, लेकिन हमारी गुहार पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। मैं अपनी इकलौती बेटी का पता लगाने के लिए दो बार मुख्यमंत्री कार्यालय भी जा चुका हूं और लिखित आवेदन भी दे चुका हूं, लेकिन सभी प्रयास व्यर्थ साबित हुए। सारी उम्मीदें खत्म होने के बाद उन्होंने अपनी पत्नी के साथ पुलिस आयुक्त कार्यालय के बाहर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें बचा लिया। बाद में दंपति को पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने पेश किया गया, जिन्होंने दंपति को जल्द से जल्द लापता लड़की का पता लगाने का आश्वासन दिया। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button