PM Modi: पीएम मोदी बोले-गाली-गलौज से कभी कोई समस्या हल नहीं होती, भटक गए लोगों को सही रास्ता दिखाएं; कांग्रेस ने साधा निशाना

Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन के दौरान न सिर्फ उनके, बल्कि उनकी स्वर्गीय मां के लिए भी भद्दी गालियों का इस्तेमाल किया गया है। हालांकि, पीएम मोदी ने कहा कि ऐसे गुमराह बच्चों को अदालतों के चक्कर कटवाने से समस्या का हल नहीं होगा और इसलिए वह उन्हें माफ करना चाहते हैं।
कहा, गुमराह बच्चों को अपनाने और उन्हें सही राह दिखाने का समय है
शुक्रवार देर रात जारी एक वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह समाज में व्याप्त आक्रोश को समझते हैं, लेकिन यह गुमराह बच्चों को अपनाने और उन्हें सही राह दिखाने का समय है। जंतर-मंतर पर केवल मुझे ही नहीं, मेरी स्वर्गीय माता को भी गालियां दी गईं। लेकिन गालियां कभी किसी समस्या का समाधान नहीं होतीं। आइए, इन गुमराह बच्चों को सही राह दिखाएं।
मैं उन्हें माफ करना चाहता हूं
पीएम मोदी ने विरोध-प्रदर्शन में शामिल छात्रों को गुमराह बच्चे बताते हुए कहा कि उन्हें सजा देने या अदालतों के चक्कर कटवाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि मैं उन्हें माफ करना चाहता हूं। लोगों से गलतियां हो जाती हैं, लेकिन यह कल्चर शॉक है, सांस्कृतिक दृष्टि से हमारे लिए चिंता का विषय है कि हमारी बेटियां इस तरह की अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रही हैं। हमें इन गुमराह बच्चों को माफ करना चाहिए, आखिर वे हमारे ही बच्चे हैं। उन्हें सही राह दिखाना हमारा काम है।
युवाओं से आगे आकर अपनी गलतियों से सीखने की अपील की
प्रधानमंत्री ने एक उदाहरण देते हुए कहा कि अगर दांत गलती से जीभ को काट ले, तो हम दांत को तोड़ते नहीं हैं, क्योंकि दोनों हमारे ही हैं। उसी तरह हमारे बच्चे भी हमारे अपने हैं। उन्होंने युवाओं से आगे आकर अपनी गलतियों से सीखने की अपील करते हुए कहा कि हमारा देश आगे बढ़ रहा है और बच्चे भी साथ मिलकर आगे बढ़ें। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि गाली-गलौज से कभी कोई समस्या हल नहीं होती। आइए, भटक गए लोगों को सही रास्ता दिखाएं। आइए, मिलकर काम करें। आइए, भारत के लिए काम करें।
प्रधानमंत्री की इंस्टाग्राम सभाएं गुमराह नहीं कर सकतीं, देश को उनसे माफी का इंतजार: कांग्रेस
कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिया गया माफ करने वाला बयान देश के युवाओं का अपमान है और अब प्रधानमंत्री की इंस्टाग्राम सभाएं किसी को गुमराह नहीं कर सकतीं। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कहा कि प्रधानमंत्री विक्टिम कार्ड खेल रहे हैं, जबकि देश प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों के साथ हुई बर्बरता के लिए उनसे माफी का इंतजार कर रहा है।(भाषा)



