Raksha Bandhan: रक्षाबंधन पर राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने देशवासियों को दी बधाई
देशभर में सोमवार को रक्षाबंधन का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। बहनें अपने भाईयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी आयु की प्रार्थना कर रही हैं। इस बीच, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का ट्वीटः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट किया है कि रक्षा बंधन के पावन अवसर पर, मैं सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। भाई-बहन के बीच प्रेम और आपसी विश्वास की भावना पर आधारित यह त्योहार, सभी बहन-बेटियों के प्रति स्नेह और सम्मान की भावना का संचार करता है। मैं चाहूंगी कि इस पर्व के दिन, सभी देशवासी, हमारे समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सुनिश्चित करने का संकल्प लें।
पीएम मोदी का ट्वीटः पीएम मोदी ने ट्वीट किया है कि समस्त देशवासियों को भाई-बहन के असीम स्नेह के प्रतीक पर्व रक्षाबंधन की ढेरों शुभकामनाएं। यह पावन पर्व आप सभी के रिश्तों में नई मिठास और जीवन में सुख, समृद्धि एवं सौभाग्य लेकर आए। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



