Kanpur Plane Crash: यूपी के कानपुर में विमान दुर्घटनाग्रस्त, प्रशिक्षु पायलट समेत दो लोगों की मौत

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में बृहस्पतिवार को एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक प्रशिक्षु पायलट समेत दो लोगों की मौत हो गई।
नाथपुरवा गांव के पास हुआ हादसा
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि गंगा के किनारे नाथपुरवा गांव के पास इटली निर्मित टेक्नम प्रशिक्षण विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उस पर सवार गुजरात निवासी प्रशिक्षक सचिन भाटिया और कर्नाटक के प्रशिक्षु पायलट अभिषेक पुजारी की मौत हो गई।
कानपुर नगर के पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने कहा, डीजीसीए करेगी विस्तृत जांच
कानपुर नगर के पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के मुताबिक, 27 अगस्त को थाना ग्वालटोली अन्तर्गत ग्राम नत्थापुरवा क्षेत्र के बाहरी इलाके में गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से लगभग 11:30 बजे टेक-ऑफ किए गए (टेकनम एयरक्राफ्ट) 4-सीटर डुअल इंजन विमान में करीब 11:50 बजे दुर्घटना होने से इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया (गुजरात) एवं ट्रेनी अभिषेक पुजारी (कर्नाटक) की मृत्यु हो गई। पुलिस द्वारा घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक कार्रवाई की गई है। घटना की सूचना डीजीसीए को दे दी गई है। तकनीकी एवं अन्य विस्तृत जांच डीजीसीए की टीम द्वारा की जाएगी। (भाषा)



