Navratri 2025: शारदीय नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Sharadiya Navratri: शारदीय नवरात्र के पहले दिन सोमवार को मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित माता के सजे-धजे मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गयीं। नवरात्र पर देवी के सभी मंदिरों को सजाया गया। माता के मंदिरों में सुबह से ही भजन-कीर्तन और दर्शन-पूजन करने वालों का तांता लगा हुआ है। देश भर में नौ दिवसीय नवरात्र समारोह सोमवार को शुरू हुआ।
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने दी लोगों को नवरात्र की शुभकामनाएं
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने लोगों को नवरात्र की शुभकामनाएं दीं और प्रार्थना की कि देवी दुर्गा सभी को शक्ति, सद्भाव और ज्ञान की ओर ले जाएं।
योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने सुख, शांति और समृद्धि की कामना की
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उप मुख्यमंत्रियों समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस पर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की है। योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक एक्स खाते पर संस्कृत का एक श्लोक पोस्ट किया।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता ने नवरात्र की शुभकामनाएं दीं
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य के लोगों को नवरात्र की शुभकामनाएं दीं। देश भर में नौ दिवसीय नवरात्र उत्सव सोमवार से शुरू हुआ।
राजस्थान के सीएम ने माता रानी की पूजा-अर्चना कर घट स्थापना की
राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन मुख्यमंत्री निवास पर माता रानी की विधिवत पूजा-अर्चना कर घट स्थापना की व राज राजेश्वरी मंदिर में सपत्नीक मां दुर्गा की उपासना कर जगत कल्याण के लिए प्रार्थना की। कहा कि आदि शक्ति मां जगदंबा का आशीर्वाद समस्त प्रदेशवासियों पर सदैव बना रहे, सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का शुभागमन हो, यही मंगलकामना है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



