राजनीति

Sonam Wangchuk: सोनम वांगचुक को जबरन अस्पताल ले जाने पर अरविंद केजरीवाल बोले, इतना अहंकार ठीक नहीं; अखिलेश यादव ने कहा-न्यायिक निगरानी में हो इलाज

Sonam Wangchuk News: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहंकारवश आज सोनम वांगचुक का अपमान किया। पीएम मोदी को सोनम वांगचुक से बात करनी चाहिए थी।इतना अहंकार ठीक नहीं है। उन्हें जबरन उठाने की बजाय, मोदी सरकार को सोनम वांगचुक से बात करनी चाहिए थी। कॉकरोच आंदोलन को कुचलने की बजाय, देश की शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था सुधारो सोनम वांगचुक के साथ जबरदस्ती मोदी सरकार की हार है।

अखिलेश यादब बोले, सोनम वांगचुक को आमरण अनशन स्थल से उठाकर ले जाना निंदनीय
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सोनम वांगचुक को बल प्रयोग करके, जबरदस्ती उनके आमरण अनशन स्थल से उठाकर ले जाना अत्यंत निंदनीय समाचार है। आज सुबह घटी ये घटना थोड़ी ही देर में पूरे देश और संपूर्ण विश्व में फैल चुकी है। सारी दुनिया और देशभर में सोनम वांगचुक को लेकर गहरी चिंता है और भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रोश भी। जो लोग सादी वर्दी में इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए धोखे से अचानक घुसे थे, उनकी पहचान सार्वजनिक की जाए।

सोनम वांगचुक का जीवन है अनमोल
ये हमारी पुरजोर मांग है कि सोनम वांगचुक की चिकित्सा न्यायिक निगरानी में हो, क्योंकि सोनम वांगचुक का जीवन मानवता, पर्यावरण-संरक्षण, लोकतांत्रिक मूल्यों, युवा ऊर्जा की प्रेरणा, साइंस और इनोवेशन के लिए अनमोल है। हमारे देश की जनता व समस्त विश्व इस समय भाजपा सरकार को संदेह और सवाल भरी संदिग्ध नजर से देख रहा है। दमनकारी राजनीति करनेवाली भाजपा सरकार की इस अवांछनीय कार्रवाई ने इंटरनेशनल लेवल पर हमारे देश की मानवीय और डेमोक्रेटिक इमेज को बेहद धूमिल और खंडित करने का काम किया है। भाजपा ने न कभी गांधी में विश्वास किया, न कभी उनके गांधीवादी तौर-तरीकों में। भाजपा की नकारात्मक विचारधारा ही विवाद की है; संवाद की नहीं। भाजपा निराशा का पर्याय बन चुकी है। भाजपा सरकार नहीं, अहंकार है। भाजपा की सोच दरारवादी है, इसीलिए जहां भी एकता, सौहार्द और एकजुटता होती है, भाजपा डरकर प्रतिक्रियावादी बनकर आंदोलनों को तितर-बितर कर देती है, लेकिन भाजपा भूल गई है कि आज की नई पीढ़ी डिजिटल यूनिटी के माध्यम से वैचारिक क्रांति लाने में सक्षम है, ऐसा हुआ है, हो रहा है और होगा भी।

डिंपल यादव ने कहा, सोनम वांगचुक जैसे लोगों की आवाज दबाना, देश की आत्मा को दबाना है
समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद डिंपल यादव ने भाजपा वाले देश के लिए सफेद चादर का कफन लेकर आए हैं। जब शांतिपूर्ण आवाजों को दबाया जाता है, तो संविधान और लोकतंत्र भी आहत होते हैं। सोनम वांगचुक जैसे लोगों की आवाज दबाना, देश की आत्मा को दबाना है। सोनम वांगचुक को जबरन हटाना सिर्फ एक कार्रवाई नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान को कुचलना है। भाजपा सरकार को अब शांतिपूर्ण विरोध भी बर्दाश्त नहीं, यह तानाशाही है।

शरद पवार ने सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल से निपटने के केंद्र के रवैये को गैर जिम्मेदाराना बताया
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार ने शनिवार को सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आंदोलन को लेकर केंद्र सरकार के रवैये की आलोचना करते हुए इसे गैर जिम्मेदाराना बताया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार छात्रों की वास्तविक मांगों पर ध्यान देने के बजाय मूकदर्शक बनी रही है। बारामती में संवाददाताओं से बातचीत में शरद पवार ने कहा कि स्थिति नियंत्रण से बाहर होने पर सरकार ने सोनम वांगचुक को अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उनके खिलाफ की गई कार्रवाई के बावजूद आंदोलन जारी रहेगा।

माकपा के एम ए बेबी ने सोनम वांगचुक व अभिजीत दीपके के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की निंदा की
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एमए बेबी ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक और कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की शनिवार को निंदा की। एमए बेबी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के कथित प्रश्नपत्र लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय शांतिपूर्ण प्रदर्शन को दबा रही है। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button