देश-दुनिया

Weather Update: दिल्ली में बारिश के आसार, येलो अलर्ट जारी; राजस्थान में अगले हफ्ते बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद

Monsoon: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने हल्की बारिश तथा गर्मी एवं उमस भरे मौसम की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

जानें, कहां-कितना रहा तापमान
शहर के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। हालांकि, यह एक दिन पहले की तुलना में 0.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा। अन्य मौसम केंद्रों में पालम में न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 0.3 डिग्री कम है। वहीं, लोधी रोड केंद्र पर न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शुक्रवार के मुकाबले 0.9 डिग्री कम है। आयानगर मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने शनिवार और रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना
आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि शनिवार को सुबह या पूर्वाह्न के दौरान कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गर्म और उमस भरा मौसम बने रहने की भी संभावना है। उन्होंने कहा कि रविवार को भी मौसम की ऐसी ही स्थिति बने रहने की संभावना है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई
इस बीच, शनिवार सुबह राजधानी की वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 173 दर्ज किया गया। शुक्रवार शाम चार बजे 24 घंटे का औसत एक्यूआई 177 था, जो मध्यम श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 को संतोषजनक, 101 से 200 को मध्यम, 201 से 300 को खराब, 301 से 400 को बहुत खराब और 401 से 500 को गंभीर माना जाता है।

राजस्थान के कई इलाकों में अगले हफ्ते फिर से बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद
राजस्थान में दक्षिण पश्चिम मानसून लगातार कमजोर बना हुआ है, हालांकि अगले हफ्ते इसके दुबारा जोर पकड़ने और कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने शनिवार को यह जानकारी दी। इसके अनुसार राज्य के अधिकांश भागों में कमजोर मानसून परिस्थितियां अगले दो-तीन दिन जारी रहेंगी। हालांकि, पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर, जयपुर संभाग के कुछ भागों में बारिश की गतिविधियों में 21 जुलाई से बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button