Delhi Blast: दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर, राष्ट्रीय राजधानी में गहन तलाशी अभियान जारी

Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार की शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए शक्तिशाली विस्फोट के बाद दिल्ली पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है और राष्ट्रीय राजधानी में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। इस विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
डॉ. मुजम्मिल ने जनवरी में लाल किला क्षेत्र की कई बार की थी रेकी
हाल ही में सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल के संबंध में गिरफ्तार किए गए प्रमुख संदिग्धों में से एक डॉ. मुजम्मिल गनई ने इस साल जनवरी में लाल किला क्षेत्र की कई बार टोह ली थी। उसके मोबाइल डेटा का विश्लेषण कर रही पुलिस ने यह जानकारी दी।पुलिस ने बताया कि उन्हें संदेह है कि यह रेकी 26 जनवरी को ऐतिहासिक स्मारक को निशाना बनाने की एक बड़ी साजिश का हिस्सा थी, जो उस समय क्षेत्र में गहन गश्त के कारण विफल हो गई होगी।
विस्फोट के पलों को रिकॉर्ड करने वाला सीसीटीवी फुटेज सामने आया
दिल्ली में लाल किले के पास हुए शक्तिशाली विस्फोट के पलों को रिकॉर्ड करने वाला एक सीसीटीवी फुटेज बुधवार को सामने आया। यह दृश्य लाल किले के चौराहे पर लगाए गए एक निगरानी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ था, उसमें विस्फोट से पहले सड़क पर भारी यातायात की आवाजाही दिखाई देती है और फिर अचानक एक भीषण विस्फोट होता है।
घटनास्थल से एकत्र किए 40 से अधिक नमूनों में दो कारतूस, विस्फोटक शामिल
लाल किले के पास विस्फोट स्थल से फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) टीम द्वारा एकत्र किए गए 40 से अधिक नमूनों में बम एवं दो कारतूस तथा दो अलग-अलग प्रकार के विस्फोटकों के नमूने शामिल हैं। अधिकारियों ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक विश्लेषण से पता चलता है कि विस्फोटकों में से एक नमूना अमोनियम नाइट्रेट प्रतीत होता है। पुलिस इस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



