Shivpuri News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी में घर में आग लगने से बुजुर्ग और दो पोतियों की मौत

मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के शिवपुरी जिले में एक घर में आग लगने से 65 वर्षीय व्यक्ति और उसकी दो नाबालिग पोतियों की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना बैराड़ थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुरा गांव में शनिवार रात 11:30 बजे हुई।
इनकी हुई मौत
बैराड़ थाना प्रभारी विकास यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया आशंका है कि ठंड से बचने के लिए जलाई गई अंगीठी से घर में आग लगी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। हजारी बंजारा (65) और उनकी पोती संध्या (10) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी दूसरी पोती अनुष्का (5) ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
आर्थिक सहायता देने को दी मंजूरी
बैराड़ तहसीलदार दृगपाल सिंह वैश्य ने बताया कि मृतकों के परिवार को प्रत्येक मृतक के लिए चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने को मंजूरी दी गई। अंतिम संस्कार के लिए भी सहायता दी जाएगी। (भाषा)



