राजनीति

UP Politics: बांदा में योगी आदित्यनाथ बोले-विपक्ष सनातन परंपरा का अपमान करता है, भाजपा भारत की विरासत को बचा रही

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर सनातन परंपराओं का अपमान करने और प्रमुख हिंदू धार्मिक स्थलों के विकास का विरोध करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की डबल-इंजन सरकार देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को बचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

710 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास
आदित्यनाथ बांदा और बबेरू विधानसभा क्षेत्रों में 710 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन/शिलान्यास एवं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र/स्वीकृति पत्र/चेक/आयुष्मान कार्ड और मुख्यमंत्री कैशलेस मेडिकल कार्ड/चाबियां और टूल किट बांटने के बाद बांदा में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

सपा और कांग्रेस पर साधा निशाना
योगी ने सपा और कांग्रेस पर आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दलों ने हिंदू परंपराओं और सनातन धर्म को अपमानित करना एवं उसे कोसना ही अपना एकमात्र ध्येय बना लिया है तथा वे नहीं चाहते कि भारत एक समृद्ध और विकसित राष्ट्र बने। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस को अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर अच्छा नहीं लगता, उन्हें काशी में काशी विश्वनाथ धाम अच्छा नहीं लगता, उन्हें मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी का भव्य धाम, चित्रकूट धाम के सौंदर्यीकरण के लिए किए जाने वाले प्रयास भी अच्छे नहीं लगते।

यह भी कहा
योगी ने यह भी आरोप लगाया कि विरासत के संरक्षण और मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिये जन प्रतिनिधियों द्वारा जो धन प्रदान किया जाता था उसे सपा के शासनकाल में कब्रिस्तान की चहारदीवारी बनाने के लिये खर्च किया था। आदित्यनाथ ने कहा कि सपा को कब्रिस्तान से प्यार है इसलिए वह राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, मां विंध्यवासिनी धाम, नैमिषारण्य और चित्रकूट धाम के विकास का विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि विरासत और विकास दोनों एक साथ चलने वाली प्रक्रिया का हिस्सा हैं तथा अपनी विरासत का संरक्षण करना उसके प्रति कृतज्ञता ज्ञापन है ।

इन पर कसा तंज
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि याद करिए, सपा और कांग्रेस के लोगों ने बुंदेलखंड को डकैत दिए थे। नौजवानों को नौकरी तो नहीं दी लेकिन उनके हाथ में तमंचे पकड़ा दिए थे और हमारी सरकार अब बुंदेलखंड को रक्षा विनिर्माण गलियारे का एक केंद्र बना रही है। उन्होंने कहा कि इस गलियारे के माध्यम से सरकार ब्रह्मोस मिसाइल जैसी मिसाइल बनाती है और भारत जब एक बार वह मिसाइल अपने दुश्मन पर दागता है तो पाकिस्तान भी बाप-बाप करके चिल्लाता दिखाई देता है। योगी ने बांदा जिले के बबेरू के विधायक विशंभर सिंह यादव पर तंज कसा कि बांदा जिले में भाजपा के विधायक तो लगातार विकास कार्यों में रुचि लेते हैं लेकिन बबेरू क्षेत्र उदास है, क्योंकि वहां पर समाजवादी पार्टी के विधायक को विकास में कोई रुचि नहीं है। उनका विकास तो जमीनों पर कब्जा करना है। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button