UP Politics: रायबरेली में राहुल गांधी का काफिला रोकने के लिए राजमार्ग पर धरने पर बैठे मंत्री दिनेश प्रताप सिंह

UP News: उत्तर प्रदेश के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, रायबरेली के स्थानीय सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के काफिले को रोकने के लिए बुधवार को यहां राजमार्ग पर धरने पर बैठ गए और बिहार में कांग्रेस की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के लिए कथित रूप से अपशब्द कहे जाने को लेकर देश की सभी माताओं से माफी की मांग की।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ की नारेबाजी
राहुल गांधी जब हरचंदपुर जा रहे थे, तब मंत्री अपने समर्थकों के साथ कठवारा में राजमार्ग पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की और राहुल वापस जाओ तथा देश की सभी माताओं से माफी मांगो लिखी तख्तियां लहराईं।
राहुल गांधी ने रायबरेली में कहा, हमारा नारा वोट चोर, गद्दी छोड़; पूरे देश में साबित हुआ
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रायबरेली में कहा कि वोट चोर, गद्दी छोड़ का मुख्य नारा पूरे देश में साबित हो चुका है तथा आने वाले समय में यह और भी नाटकीय तरीकों से साबित होगा।
कहा, कांग्रेस के निडर और ऊर्जावान कार्यकर्ता हमारी ताकत
हरचंदपुर विधानसभा के बूथ कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस के निडर और ऊर्जावान कार्यकर्ता हमारी ताकत हैं, जो पार्टी की विचारधारा के लिए लड़ते हैं और अन्याय का डटकर मुकाबला करते हैं। हमें इसी तरह पूरे समर्पण के साथ काम करना है और साथ मिलकर देश में बदलाव लाना है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



