Narendra Modi: पीएम नरेंद्र मोदी हुए 74 साल के, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और विपक्षी नेताओं ने भी दीं शुभकामनाएं

भारत (Bharat) में पंडित जवाहर लाल नेहरू के बाद लगातार तीन बार देश का प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड बनाने वाले नरेंद्र दामोदर दास मोदी मंगलवार को 74 साल के हो गए। इस अवसर पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और लोकसभा अध्यक्ष के अलावा तमाम विपक्षी नेताओं भी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके दीर्घायु जीवन की कामना की।
राष्ट्रपति ने दी शुभकामनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपने अपने व्यक्तित्व एवं कृतित्व के बल पर असाधारण नेतृत्व प्रदान किया है तथा देश की समृद्धि और प्रतिष्ठा में वृद्धि की है। मेरी कामना है कि आपके द्वारा राष्ट्र प्रथम की भावना से किए जा रहे अभिनव प्रयासों से भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का मार्ग प्रशस्त हो। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि आप दीर्घायु हों तथा सदैव स्वस्थ और सानंद रहें।
मोदी ने भारत की आत्मा को जगाया: जगदीप धनखड़
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने एक्स पर लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। मोदी ने देश को 2047 तक विकसित भारत की ओर मजबूती से आगे बढ़ाया है। उनके दो दशकों से अधिक समय तक शासन में और एक दशक से अधिक समय तक प्रधानमंत्री के रूप में भारत की आत्मा को जगाया है। उन्होंने इसके सांस्कृतिक मूल्यों को प्रेरित किया है।, इसके सभ्यतागत लोकाचार का पोषण किया है। प्रधानमंत्री ने देश को अभूतपूर्व विकास पथ पर मजबूती से आगे बढ़ाया है। अब नई अंतर्दृष्टि और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ आप आने वाले कई वर्षों तक भारत का नेतृत्व करते रहें! ईश्वर से प्रार्थना है कि आपको शक्ति प्रदान करें और अच्छे स्वास्थ्य का आशीर्वाद दें।
मोदी जी दुनिया भर में शांति, करुणा व संवेदना की प्रेरणाः अमित शाह
अमित शाह ने एक्स पर लिखा है अपने अथक परिश्रम, साधना व दूरदर्शिता से देशवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाले और भारत का गौरव बढ़ाकर विश्व में नई प्रतिष्ठा दिलाने वाले जनप्रिय प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके स्वस्थ व सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं। आपने ‘नए भारत’ के विजन के साथ विरासत से लेकर विज्ञान तक को जोड़ा है। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति व जनकल्याण के संकल्प से अनेक असंभव से लगने वाले कार्यों को संभव बनाकर गरीब कल्याण के नए कीर्तिमान रचे हैं। प्रधानमंत्री के रूप में देश को एक ऐसे निर्णायक नेता मिले हैं, जिन्होंने देश की सुरक्षा से लेकर वंचितों के जीवन में बदलाव लाकर उन्हें मुख्यधारा में लाने के काम किए। देशवासियों का आत्मगौरव बढ़ाने के साथ-साथ उनके नेतृत्व में भारत के प्रति वैश्विक दृष्टिकोण भी बदला है। समुद्र की गहराई से लेकर अंतरिक्ष की ऊंचाई तक देश का मान बढ़ाने वाले मोदी जी दुनिया भर में शांति, करुणा व संवेदना की प्रेरणा हैं।
खरगे ने दी शुभकामनाएं
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कई अन्य विपक्षी नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं दीं और उनकी दीर्घायु की कामना की। खरगे ने एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं। उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना है।
अखिलेश यादव ने दी शुभकामनाएं
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने पोस्ट किया, ‘प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
अरविंद केजरीवाल ने दी शुभकामनाएं
आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा कि माननीय प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।
सुदर्शन पटनायक ने दी शुभकामनाएं
प्रसिद्ध शिल्पकार सुदर्शन पटनायक ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर लिखा कि ‘महाप्रभु का आशीर्वाद हमेशा आप पर बना रहे और विकसित भारत के आपके सपने साकार हों। जन्मदिन की शुभकामनाएं।’ इस अवसर पर उन्होंने पीएम मोदी को कलाकृति समर्पित की।
नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने आजाद भारत में जन्म लिया था। वर्ष 1950 में 17 सितंबर को उनका जन्म हुआ। इस साल नौ जून को उन्होंने लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री पद की शपथ ली।
मेरे गणेश पूजन में भाग लेने पर कांग्रेस और उसका ‘इकोसिस्टम’ भड़का हुआ है: प्रधानमंत्री
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने पिछले दिनों गणेश पूजन में भाग लिया था, इसलिए कांग्रेस और उसके ‘इकोसिस्टम’ के लोग उन पर भड़के हुए हैं तथा अंग्रेजों की तरह आज भी समाज को बांटने और तोड़ने में लगे ‘सत्ता के भूखे लोगों’ को गणेश पूजा से परेशानी हो रही है।भुवनेश्वर में एक रैली में मोदी ने यह टिप्पणी प्रधान न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ के आवास पर उनके गणेश पूजा अनुष्ठान में भाग लेने के लिए विपक्षी दलों द्वारा आलोचना किए जाने के संदर्भ में की। इस विवाद पर पहली बार प्रधानमंत्री ने टिप्पणी की। ((सारा जहां न्यूज नेटवर्क))



