SSC GD: अरविंद केजरीवाल ने एसएससी-जीडी में गड़बड़ी पर सरकार पर साधा निशाना

SSC GD Exam: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को एसएससी-जीडी में गड़बड़ी पर सरकार पर निशाना साधा है। अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि नीट, सीबीएसई 12वीं के बाद अब एसएससी जीडी में भी कई जगहों से गड़बड़ियों की खबर आ रही है। कई जगहों से शिकायत आ रही है कि सर्वर में खराबी आ गई, कई जगह एग्जाम सेंटर पर क्षमता से ज़्यादा बच्चों को बुला लिया गया। ये किस तरह की सरकार है? जो एक पेपर ठीक से नहीं करा पा रहे?

एसएससी-जीडी परीक्षा केंद्र पर पहुंचे क्षमता से दोगुने अभ्यर्थी, परीक्षा रद्द होने पर हंगामा
समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के कानपुर में सोमवार को कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) द्वारा आयोजित एसएससी-जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा केंद्र पर क्षमता से लगभग दोगुनी संख्या में अभ्यर्थियों को सीटें आवंटित कर दिये जाने से उत्पन्न अव्यवस्था के मद्देनजर दोनों पालियों की परीक्षा को रद्द कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना महाराजपुर के पुरवामीर स्थित श्रीमती रामकली इकबाल बहादुर ऑनलाइन केंद्र में हुई। उन्होंने बताया कि इस केंद्र में प्रति पाली अभ्यर्थियों के बैठने की क्षमता 399 की थी, लेकिन कथित तौर पर प्रत्येक पाली के लिए 819 उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए थे, जिससे वहां भ्रम और अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



