Samrat Chaudhary: बिहार के 24वें मुख्यमंत्री बने सम्राट चौधरी, राज्यपाल ने दिलाई शपथ

Bihar New CM: बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सम्राट चौधरी ने बुधवार को राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने लोकभवन के राजेंद्र मंडपम में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

बिहार में नीतीश मॉडल के साथ आगे बढ़ेगा भाजपा गठबंधन: विजय चौधरी
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता विजय कुमार चौधरी ने बुधवार को कहा कि उन्होंने उपमुख्यमंत्री के रूप में जो शपथ ली है, वह नीतीश कुमार के विश्वास का परिणाम है और राज्य में उनकी नीतियों व कार्यशैली को आगे बढ़ाया जाएगा। विजय चौधरी ने कहा कि मैं नीतीश कुमार के प्रति आभार प्रकट करता हूं। उनके विश्वास के कारण ही मुझे यह जिम्मेदारी मिली है। उनके जो रास्ते, नीतियां, कार्यक्रम और कार्यशैली हैं, हम उसी पर आगे बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट के चयन पर प्रशांत किशोर का तंज, कहा-अब बिहार गुजरात से संचालित होगा
बिहार में नए मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मंगलवार को कहा कि अब बिहार गुजरात से संचालित होगा। प्रशांत किशोर ने एक बयान जारी कर कहा कि ज्ञान की भूमि बिहार को चाल, चरित्र और चेहरा का दावा करने वाली भाजपा की यह पहली सौगात है कि ऐसे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया गया है, जिसका चाल, चरित्र और चेहरा तीनों ही चर्चा का विषय होना चाहिए। (भाषा)



