UP Politics: मायावती ने कांशीराम को भारत रत्न से सम्मानित करने के कांग्रेस के प्रस्ताव पर उठाया सवाल

UP News: उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने कांग्रेस के इस प्रस्ताव पर शनिवार को सवाल उठाया कि यदि वह केंद्र में सत्ता में आती है, तो बसपा के संस्थापक कांशीराम को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा। मायावती ने देश भर के पार्टी कार्यकर्ताओं से अन्य राजनीतिक दलों, विशेष रूप से कांग्रेस द्वारा बसपा को कमजोर करने के प्रयासों के प्रति सतर्क रहने का आग्रह किया।
कांग्रेस पर साधा निशाना
मायावती ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि जैसा कि सर्वविदित है कि कांग्रेस ने काफी वर्षो तक केंद्र की सत्ता में रहकर दलितों के मसीहा व भारतीय संविधान के निर्माता डा. भीमराव अंबेडकर का कभी भी आदर-सम्मान नहीं किया और ना ही उनको भारत रत्न की उपाधि से भी सम्मानित किया। भला फिर यह पार्टी अब कांशीराम को कैसे इस उपाधि से सम्मानित कर सकती है? कांग्रेस ने केंद्र में अपनी सत्ता के रहते हुए इनके (कांशीराम) देहांत होने पर एक दिन का भी राष्ट्रीय शोक घोषित नहीं किया तथा ना ही उस समय यूपी की सपा सरकार ने भी राजकीय शोक घोषित किया। इसी प्रकार दूसरी पार्टियों के हाथों में खेल कर दलित समाज के बने अनेकों संगठन व पार्टियां आदि भी इनके नाम को भुनाने की कोशिश में हमेशा लगी रहती हैं।
कांग्रेस से सचेत रहें
अब ये सभी पार्टियां आए दिन किस्म-किस्म के हथकंडे इस्तेमाल करके कांशीराम द्वारा बनाई गई बीएसपी को कमजोर करने में लगी हैं। अतः इनके अनुयायी व समर्थक हमेशा इनसे सचेत रहें। खासकर कांग्रेस से जरूर सजग रहें, जिसकी दलित-विरोधी सोच व मानसिकता होने की वजह से ही बीएसपी बनानी पड़ी है। साथ ही, 15 मार्च को कांशीराम की जयंती पर इनकी द्वारा निर्मित पार्टी बीएसपी के सभी कार्यक्रर्मों को उप्र सहित पूरे देश में पार्टी के लोग जरूर कामयाब बनाएं , यही अपील। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



