Delhi Air Pollution: दिल्ली में धुंध की मोटी चादर छाई, एक्यूआई बहुत खराब श्रेणी में बरकरार, 148 उड़ानें रद्द

Delhi Pollution: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली बुधवार सुबह घने कोहरे की चादर में लिपटी रही। वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सुबह साढ़े आठ बजे से 10 बजे के बीच घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया। धुंध की वजह से वाहनों की रफ्तार थम गई। ठिठुरन की वजह से लोग घरों में ही दुबके रहे।
इतनी रही विजिबिलिटी
मौसम विभाग ने बताया कि सुबह 6.30 बजे पालम और सफदरजंग दोनों जगहों पर विजिबिलिटी 50 मीटर रिकॉर्ड की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के डेटा के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 384 दर्ज किया गया।
जानें, कहां-कितना रहा एक्यूआई
सीपीसीबी के समीर एप के डेटा के अनुसार, स्टेशन-वाइज ब्रेकडाउन से पता चला कि 21 मॉनिटरिंग स्टेशनों में हवा की क्वालिटी बहुत खराब थी, जबकि 16 स्टेशन गंभीर कैटेगरी में थे, जिसमें आनंद विहार में सबसे खराब एक्यूआई 452 दर्ज किया गया।
दिल्ली हवाई अड्डे पर 148 उड़ानें रद्द
दिल्ली हवाई अड्डे पर घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण बुधवार को कम से कम 148 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि 150 से अधिक उड़ानों में देरी हुई। राष्ट्रीय राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) पर दो उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया, जिसका संचालन दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डायल) द्वारा किया जाता है। धुंध और ठंड की वजह से अधिकांश सड़कों पर सन्नाटा परसा रहा। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



