देश-दुनिया

Khaleda Zia: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक

Bangladesh News: बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री खालिदा जिया का मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 80 वर्ष की थीं। खालिदा जिया ने देश में उथल-पुथल भरे सैन्य शासन के बाद लोकतंत्र की पुनर्स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और दशकों तक देश की राजनीति पर अपना दबदबा बनाए रखा था।

खालिदा जिया को बुधवार को दफनाया जाएगा, बांग्लादेश में तीन दिन का राजकीय शोक
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया को बुधवार को दफनाया जाएगा। देश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने जिया का मंगलवार सुबह निधन होने के बाद तीन दिन के राजकीय शोक और एक दिन के आम अवकाश की घोषणा की। यूनुस ने राष्ट्र के नाम टेलीविजन पर प्रसारित संबोधन में लोगों से आग्रह किया कि वे संयम और कानून व्यवस्था बनाए रखें। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया के निधन पर मैं तीन दिन के राजकीय शोक और कल उन्हें दफनाए जाने के दिन एक दिन की छुट्टी की घोषणा करता हूं। उन्होंने कहा कि मैं जानता हूं कि आप सभी इस समय बहुत दुखी हैं। मुझे आशा है कि आप शोक की इस अवधि में धैर्य रखेंगे और उनकी नमाज-ए-जनाजा सहित सभी औपचारिकताओं को पूरा करने में शामिल सभी संबंधित लोगों के साथ सहयोग करेंगे। बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (बीएनपी) की लंबे समय तक प्रमुख रहीं और तीन बार प्रधानमंत्री रह चुकीं जिया का सुबह ढाका में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 80 वर्ष की थीं।

पीएम मोदी ने खालिदा जिया के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के निधन पर मंगलवार को गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पड़ोसी देश के विकास और भारत-बांग्लादेश संबंधों में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि ढाका में पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की अध्यक्ष बेगम खालिदा जिया के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ। उनके परिवार और बांग्लादेश के सभी लोगों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदनाएं। ईश्वर उनके परिवार को इस दुखद घड़ी को सहने की शक्ति प्रदान करें।

शेख हसीना ने खालिदा जिया के निधन पर जताया दुख, कहा-यह अपूर्णीय क्षति
बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना ने मंगलवार को अपनी कट्टर प्रतिद्वंद्वी खालिदा जिया के निधन पर शोक व्यक्त किया। जिया ने दशकों तक देश की राजनीति पर अपना दबदबा बनाए रखा।

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के निधन पर पाकिस्तान और चीन ने शोक व्यक्त किया
पाकिस्तान और चीन ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के निधन पर मंगलवार को गहरा शोक व्यक्त किया और देश के लोकतांत्रिक सफर को आकार देने में उनकी राजनीतिक विरासत और भूमिका को याद किया। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अपने शोक संदेश में जिया के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और उन्हें एक ऐसी नेता बताया जिन्होंने बांग्लादेश की आजीवन सेवा की और एक अमिट विरासत छोड़ी है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button