Vote Chori: राहुल गांधी का आरोप, वोट चोरी से हरियाणा में कांग्रेस की सरकार चोरी की गई, भाजपा ने कहा-देश को बदनाम करने की कोशिश की जा रही

Vote Chori News: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को दावा किया कि पिछले साल हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में 25 लाख फर्जी मतों के जरिये चुनाव चोरी किया गया। वहीं, भाजपा ने कहा है कि हरियाणा में वोट चोरी संबंधी राहुल गांधी का दावा निराधार है। देश को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
राहुल गांधी ने दिया वोट चोरी का सबूत
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि वोट चोरी से हरियाणा में कांग्रेस की सरकार चोरी की गई है और इसका ब्लैक एंड व्हाइट सबूत आपके सामने हैं।
ब्राजील की एक मॉडल हरियाणा की वोटर लिस्ट में 10 बूथों पर 22 वोट – अलग-अलग नाम से
एक ही फोटो के साथ 223 वोट एक बूथ में – नाम हर बार नया
एक ही घर में 501 वोटर दर्ज – वो घर जो सिर्फ कागजों पर है
पूरे राज्य में 1,24,177 फर्जी तस्वीरों वाले वोटर
हजोरों लोग ऐसे हैं, जिनके वोट हरियाणा और उत्तर प्रदेश दोनों जगह हैं – इनमें कई भाजपा के नेता और कार्यकर्ता
दो मंजिला पुराने मकान, कोई फुटपाथ या खंभा नहीं, फिर भी मकान संख्या जीरो
मानना पड़ेगा – व्यवस्था सच में टाइट थी और ये साफ है कि चुनाव आयोग और भाजपा ने मिल कर हरियाणा का चुनाव चुराया है।
कहा, सत्य और अहिंसा का हाथ थाम कर चलें, भारी संख्या में निकल कर मतदान करें
मैं हिंदुस्तान के युवाओं, देश के जेन-जी से आग्रह करता हूं – सत्य और अहिंसा का हाथ थाम कर चलें और भारी संख्या में निकल कर मतदान करें। वोट चोरी को हराने और लोकतंत्र की रक्षा करने का यही सबसे बड़ा हथियार है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा बोेले-निर्वाचन आयोग निष्पक्ष नहीं, हरियाणा में सरकार की चोरी की गई
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कथित वोट चोरी के विषय को लेकर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और निर्वाचन आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में सरकार की चोरी कर ली गई।
कहा, पूरे देश में मत पत्र से चुनाव कराए जाने चाहिए
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने संवाददाताओं से कहा कि हरियाणा समेत पूरे देश में मत पत्र से चुनाव कराए जाने चाहिए।
भाजपा ने कहा-हरियाणा में वोट चोरी संबंधी राहुल गांधी का दावा निराधार, देश को बदनाम करने की कोशिश
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में बड़े पैमाने पर वोट चोरी संबंधी राहुल गांधी के आरोप को बुधवार को झूठा और निराधार बताते हुए खारिज कर दिया और कांग्रेस नेता पर अपनी नाकामियों को छिपाने और देश के लोकतंत्र को बदनाम करने के लिए निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



