Delhi News: दिल्ली में महिलाओं के साथ अपराध सबसे ज्यादा, 2023 में 13366 मामले दर्ज: एनसीआरबी

Delhi Crime: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में महिलाएं महफूज नहीं हैं। दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ 2023 में सबसे अधिक अपराध दर्ज किए गए हैं। यहां कुल 13000 से अधिक मामले सामने आए। एनसीआरबी की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली ने 19 मेट्रो शहरों में दहेज हत्या और बलात्कार के सबसे ज्यादा मामले दर्ज किए।
जानें, कहां-कितने-मामले
एनसीआरबी की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में 2023 में महिलाओं के खिलाफ 13366 मामले दर्ज हुए, जो मुंबई में 6025 और बेंगलुरु में 4870 से कहीं ज्यादा हैं। हालांकि साल 2022 के मुकाबले महिलाओं के खिलाफ अपराधों में 5.7 प्रतिशत की गिरावट आई है। 2022 में यह संख्या 14247 थी। इनमें बलात्कार, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, दहेज हत्या जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ अपराध की संख्या बाकी शहरों की तुलना में ये दोगुने से ज्यादा हैं।
साइबर अपराध में 31.2 प्रतिशत की वृद्धि
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में साइबर अपराध में 31.2 प्रतिशत की तेज वृद्धि हुई है। 2022 में 65893 मामले दर्ज किए गए थे, अब नई रिपोर्ट 2023 में 86420 मामले दर्ज किए गए हैं। ओवरऑल क्राइम में कर्नाटक टॉप पर है। यहां 21889 मामले दर्ज किए गए हैं। दूसरे नंबर पर तेलंगाना है, जिसमें 18236 मामले सामने आए हैं। वहीं, तीसरे नंबर पर उत्तर प्रदेश है। यहां 10794 मामले दर्ज किए गए हैं। इन अपराधों में 69 प्रतिशत मामले सिर्फ धोखाधड़ी से जुड़े थे। 2023 में कुल 204973 आर्थिक अपराध दर्ज हुए, जिसमें 2022 के मुकाबले छह प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। महिलाओं के साथ बढ़ते अपराध चिंतनीय है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)


