Delhi News: दिल्ली हाई कोर्ट में ईमेल से मिली बम की धमकी, मचा हड़कंप; पुलिस ने कहा-अफवाह पर न दें ध्यान

Delhi Crime: दिल्ली उच्च न्यायालय में शुक्रवार को एक ई-मेल के जरिए बम की धमकी मिली, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इसकी वजह से न्यायाधीशों को बाहर जाना पड़ा। बम की धमकी की वजह से अदालत कक्षों को खाली करा दिया गया। सूत्रों के अनुसार, रजिस्ट्रार जनरल को धमकी भरा ई-मेल सुबह 8.39 बजे प्राप्त हुआ और कुछ न्यायाधीशों को इसके बारे में सूचित कर दिया गया।
दिल्ली पुलिस ने कहा, किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि दिल्ली में न्यायालय परिसरों में बम संबंधी सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस की टीम, बम निरोधक व श्वान दस्ता न्यायालय परिसर में मौजूद है और जांच कर रहे है। प्रथम दृष्टया यह सूचना असत्य है। सभी से अनुरोध है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)


