देश-दुनिया

Janmashtami: देशभर में जन्माष्टमी की धूम, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दी शुभकामनाएं, योगी ने मथुरा में की पूजा

Krishna Janmashtami 2025: देशभर में शनिवार को जन्माष्टमी का त्योहार श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कृष्ण जन्माष्टमी पर श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना की।

जानें, कब और क्यों मनाई जाती है जन्माष्टमी
भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हर वर्ष भाद्रपद मास की कृष्ण पक्ष अष्टमी तिथि को श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। यह केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, भक्ति और न्याय की विजय का प्रतीक है।

राष्ट्रपति ने दी जन्माष्टमी की शुभकामनाएं
राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि भगवान श्रीकृष्ण ने संपूर्ण मानवता को धर्म के अनुसार कर्तव्य मार्ग पर चलते हुए सभी प्राणियों के हित में लगे रहने का मार्ग दिखाया है। जन्माष्टमी पर सभी यह संकल्प लें कि भगवान श्रीकृष्ण के दिखाए मार्ग का अनुसरण करेंगे तथा समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाएंगे।

पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि सभी देशवासियों को जन्माष्टमी की असीम शुभकामनाएं। आस्था, आनंद और उमंग का यह पावन-पर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करे। जय श्रीकृष्ण।

श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और हर तरफ सैन्य छावनी जैसा दृश्य देखने को मिल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन ने इस अवसर पर भगवान के जन्माभिषेक के दर्शन करने के लिए यहां आने वाले लाखों भक्तों की सुरक्षा के लिए शहर को चार जोन एवं 18 सेक्टरों में बांटकर पांच हजार से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को तैनात किया है।

योगी ने जन्माष्टमी पर राज्यवासियों को दीं शुभकामनाएं
योगी ने जन्माष्टमी के अवसर पर राज्यवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा कि कृष्णं वंदे जगदगुरुम्‌। संपूर्ण जगत के आधार लीलाधर, योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण जी के पावन अवतरण दिवस श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की सभी को हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएं।

इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी उत्सव को लेकर दिल्ली पुलिस ने जारी किया यातायात परामर्श
दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित इस्कॉन मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने शनिवार के लिए यात्रा परामर्श जारी किया है जिसमें दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कुछ हिस्सों में सड़कें बंद करने, मार्ग परिवर्तन और भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाए जाने की जानकारी दी गई है।परामर्श के अनुसार, कैप्टन गौर मार्ग और संत नगर लाल बत्ती के बीच राजा धीर सेन मार्ग पर उत्सव के दौरान लोग पैदल ही आ-जा सकेंगे।

बंगाल के राज्यपाल बोस, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लोगों को दीं जन्माष्टमी की शुभकामनाएं
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को लोगों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। बोस ने राज्य के सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि भगवान कृष्ण की शिक्षाएं उन्हें धर्म, कर्म, न्याय और समता’ के सही मार्ग पर ले जाएंगी।

जन्माष्टमी पर यूनुस ने कहा, मैं सद्भाव के अटूट बंधन को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हूं
बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने शनिवार को जन्माष्टमी के अवसर पर देश के हिंदू समुदाय को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के उपदेश आपसी सद्भाव व भाईचारे को मजबूत करने तथा देश में वर्तमान व्यवस्था एवं सांप्रदायिक सौहार्द को बनाए रखने में मदद करेंगे। यूनुस की यह बधाई पिछले साल अगस्त में सत्ता में आने के बाद हिंदू समुदाय के सदस्यों और उनके अराधना स्थलों पर कथित हमलों की लगातार हुई घटनाओं को लेकर व्यापक चिंताओं के बीच आई है। भारत सहित अन्य देशों में भी जन्माष्टमी श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button