Punjab News: हत्या के मामले में वांछित अमेरिका से निर्वासित दो लोग अमृतसर पहुंचने पर गिरफ्तार

Punjab Crime: अमेरिका द्वारा निर्वासित कर शनिवार रात सी-17 विमान से अमृतसर हवाई अड्डे भेजे गए 116 अवैध भारतीय प्रवासियों में शामिल पटियाला जिले के राजपुरा के दो युवकों को हत्या के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
हत्या के मामले में ये थे वांछित
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नानक सिंह ने अमृतसर हवाई अड्डे से आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी संदीप सिंह उर्फ सनी और प्रदीप सिंह 2023 में दर्ज किए गए हत्या के एक मामले में वांछित थे।
अमेरिका से 116 निर्वासित लोगों के दूसरे जत्थे को लेकर अमृतसर पहुंचा विमान
अमेरिका से 116 अवैध प्रवासियों को लेकर एक विमान शनिवार देर रात अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि विमान रात 10 बजे के अपेक्षित समय के बजाय रात 11 बजकर 35 मिनट पर हवाई अड्डे पर उतरा।
हमें हथकड़ी लगाई गई थी, अमेरिका से भेजे गए दूसरे जत्थे में शामिल व्यक्ति का दावा
अमेरिका से शनिवार रात अमृतसर भेजे गए निर्वासितों में शामिल दलजीत सिंह ने रविवार को दावा किया कि यात्रा के दौरान उन्हें हथकड़ियां पहनाई गई थीं और उनके पैरों में जंजीरें डाली गई थीं।(भाषा)



