Republic Day 2025: गणतंत्र दिवस पर विभिन्न सेवाओं के 942 कर्मियों को दिए गए वीरता और सेवा पदक

गणतंत्र दिवस (Republic Day) की पूर्व संध्या पर कुल 942 पुलिस, अग्निशमन व नागरिक सुरक्षा कर्मियों को विभिन्न श्रेणियों के वीरता और सेवा पदक से सम्मानित किया गया। शनिवार को जारी एक सरकारी बयान में यह जानकारी दी गई है। इनमें 95 वीरता पदक शामिल हैं। उनमें 78 पुलिसकर्मी हैं और 17 फायर विभाग के कर्मचारी हैं।
इनको मिलेगा सम्मान
जिन 101 जवानों को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 85 पुलिस सेवा, 5 अग्निशमन सेवा, 7 नागरिक सुरक्षा-होम गार्ड और 4 सुधार सेवा के जवानों के नाम शामिल हैं। जिन 746 जवानों को सराहनीय सेवा के लिए गैलेंट्री अवॉर्ड दिया जाएगा, उनमें 634 अवॉर्ड पुलिस सेवा, 37 अग्निशमन सेवा, 39 पुरस्कार नागरिक सुरक्षा-होम गार्ड और 36 अवॉर्ड सुधार सेवा के जवानों को दिए जाएंगे।
मानद कमीशन प्राप्त करने के लिए चुने गए रक्षाकर्मियों के नाम घोषित
भारत के 76वें गणतंत्र दिवस समारोह से पहले बख्तरबंद कोर, तोपखाना रेजिमेंट और सेना की अन्य इकाइयों से कई कर्मियों को मानद कैप्टन के पद पर मानद कमीशन प्राप्त करने के लिए चुना गया है। रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान में मसौदा गजट का लिंक साझा किया, जिसमें गणतंत्र दिवस, 2025 के अवसर पर दिए गए मानद कमीशन की सूची है।
गणतंत्र दिवस परेड में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में उपलब्धियों को प्रदर्शित करेगी एमएनआरई की झांकी
राष्ट्रीय राजधानी में गणतंत्र दिवस परेड में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में भारत की प्रगति को प्रदर्शित करने वाली एक झांकी प्रदर्शित की जाएगी। एक आधिकारिक बयान में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई। केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) ने एक बयान में कहा कि यह जीवंत प्रदर्शन भारत के उभरते ऊर्जा परिदृश्य की झलक पेश करेगा तथा नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में देश की अभूतपूर्व प्रगति को दर्शाएगा। (भाषा)



