देश-दुनिया

Sharda Sinha: एम्स में भर्ती शारदा सिन्हा की हालत नाजुक, ‘दुखवा मिटाईं छठी मैया’ गीत हो रहा वायरल

प्रख्यात लोक गायिका शारदा सिन्हा (Sharda Sinha) अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में वेंटिलेटर पर हैं और उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। शारदा सिन्हा पिछले कुछ दिनों से एम्स में भर्ती हैं। शारदा सिन्हा के पुत्र अंशुमान सिन्हा ने अपनी मां के फेसबुक अकाउंट से एक लाइव वीडियो में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को शारदा सिन्हा के स्वास्थ्य की जानकारी ली। शारदा सिन्हा (72) एक भारतीय लोक और शास्त्रीय गायिका हैं, जो बिहार से ताल्लुक रखती हैं। पद्म भूषण से सम्मानित शारदा को उनके भोजपुरी और मैथिली लोक गीतों के लिए जाना जाता है।

पीएम मोदी ने शारदा सिन्हा के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की
एम्स-दिल्ली ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रख्यात लोक गायिका शारदा सिन्हा को इलाज के लिए एम्स, नई दिल्ली में भर्ती कराया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं और इलाज करने वाले डॉक्टरों के सीधे संपर्क में हैं। उन्होंने इलाज करने वाली टीम के माध्यम से उनके अच्छे स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। पिछले हफ्ते, एम्स मीडिया सेल की प्रभारी डॉ. रीमा दादा ने कहा था कि सिन्हा को कैंसर के कारण स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के बाद ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। डॉ. दादा ने बताया था कि गायिका 2017 से मल्टीपल मायलोमा से पीड़ित हैं।

छठी मैया की कृपा से सब कुशल होगा
इससे पहले अंशुमान सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने फोन पर उनसे बातचीत कर शारदा सिन्हा के स्वास्थ्य की जानकारी ली और कहा कि छठी मैया की कृपा से सब कुशल होगा। अंशुमान ने बताया कि प्रधानमंत्री ने एम्स के निदेशक से भी बात की और शारदा सिन्हा के स्वास्थ्य के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मां वेंटिलेटर पर हैं और मौत से लड़ रही हैं। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एम्स के डायरेक्टर से मां के स्वास्थ्य की जानकारी ली और साथ ही साथ ही मुझे ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि ‘परमेश्वर कृपा करेंगे, छठी मईया जरूर कृपा करेंगी, आप अपने आप को संभालिए। अंशुमान ने लोगों से यह अपील भी की कि वे शारदा सिन्हा के स्वास्थ्य के बारे में अपुष्ट जानकारी न फैलाएं बल्कि उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करें।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शारदा सिन्हा के जल्द स्वस्थ होने की कामना की
इस बीच, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शारदा सिन्हा के स्वास्थ्य पर चिंता जताई और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा कि छठ का महापर्व है और हर घर-हर घाट पर शारदा सिन्हा का मधुर स्वर गूंज रहा है, लेकिन मन द्रवित है, क्योंकि वही स्वर आज वेंटीलेटर पर संघर्ष कर रहा है। उनका गीत हमारी आस्था का हिस्सा है, उनकी आवाज में छठ की पवित्रता और समर्पण का भाव समाया है। प्रार्थना करते हैं कि हमारी छठी मैया उन्हें जल्दी स्वस्थ करें। सिंह ने इस पोस्ट के साथ एक वीडियो भी साझा किया जिसमें वह बिस्तर पर लेटी और जिंदगी के लिए संघर्ष करती दिख रही हैं। बाद में सिंह ने एम्स का दौरा किया और शारदा सिन्हा के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने उनके परिजनों एवं डॉक्टरों से मुलाकात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button