UP News: नाती ने किया नानी से दुष्कर्म, जान से मारने की दी धमकी

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के शाहजहांपुर (Shahjahanpur) जिले में 25 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपनी 75 वर्षीय नानी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार अवस्थी ने दर्ज रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि घटना खुटार थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई।
जानें, क्या है मामला
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार की रात, बुजुर्ग महिला अपने घर में सो रही थी। तभी उसका नाती आया, उसे कथित तौर पर उठाकर अपने कमरे में ले गया, जहां उसने उसके साथ जबरदस्ती की। इसके बाद बुजुर्ग महिला को उसके नाती ने कथित तौर पर धमकी दी कि अगर उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो वह उसे जान से मार देगा। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। अवस्थी ने कहा कि घटना के बाद आरोपी भाग गया और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि बुजुर्ग महिला को जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
देवरिया में जुआ खेलने के दौरान शराब तस्कर की गोली मारकर हत्या
पूर्वी उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में जुआ खेलने के दौरान एक शराब तस्कर की गोली मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया। उन्होंने बताया कि घटना जिले के बनकटा थाना क्षेत्र के सोहनपुर गांव में बृहस्पतिवार देर रात हुई। यह गांव बिहार की सीमा से सटा हुआ है।
सहारनपुर में दो चचेरे भाई संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए
दीवाली की रात सहारनपुर जिले के देवबंद इलाके में दो चचेरे भाई संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दोनों के शव सड़क किनारे मिले, दोनों की हड्डियां टूटी हुई थीं।
सहारनपुर में पटाखा दुर्घटना में बच्चे की मौत
सहारनपुर में दीवाली की रात तीतरो इलाके में जलता हुआ पटाखा गर्दन में लगने से आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सागर जैन ने बताया कि अशोक लाला का बेटा वंश अपने घर के बाहर पटाखे जला रहा था। तभी अचानक जलता हुआ एक पटाखा उसकी ओर उछला और उसकी गर्दन पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
शामली में पेड़ से लटका मिला व्यक्ति का शव
शामली जिले के समीपवर्ती वन क्षेत्र में 35 वर्षीय एक व्यक्ति का शव शुक्रवार को पेड़ से लटका मिला। सचिन नामक व्यक्ति का शव जिले के घारीपुख्ता थाना अंतर्गत घारीपुख्ता गांव के पास मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है। (भाषा)



