Delhi Crime: 400 रुपये के लिए की दोस्त की हत्या, प्रेमी ने ली महिला की जान; गिरफ्तार

दिल्ली (Delhi) में हत्या के दो मामले सामने आए हैं। पहले मामले में शराब खरीदने के लिए 400 रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में अपने ही दोस्त की हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति को नशामुक्ति केंद्र से गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान अंकित के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे मामले में पुलिस ने महिला की हत्या के आरोप में उसके प्रेमी को दबोचा है।
शराब खरीदने के लिए मांगे रुपये
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को सोमवार को सूचना मिली कि आनंद विहार बस स्टैंड के पीछे एक व्यक्ति बेहोश पड़ा है, जिसकी पहचान निराला के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और निराला को पास के अस्पताल ले गई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अंकित और निराला दोनों आनंद विहार में मजदूर थे। अंकित ने निराला से शराब खरीदने के लिए 100 रुपये मांगे, लेकिन निराला ने मना कर दिया।
सिर पर ईंट से किया वार
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उनके बीच बहस हुई और गुस्से में आकर अंकित ने निराला के सिर पर ईंट से वार कर दिया और उसकी जेब से 400 रुपये निकाल लिए।” अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारी और संदेह से बचने के लिए अंकित ने खुद को नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करा लिया। आसपास के इलाकों में 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अपराध के बाद अंकित की गतिविधियों पर नजर रखी। पुलिस ने आरोपी को नशा मुक्ति केंद्र से गिरफ्तार कर लिया और मामले की जांच जारी है।
महिला की हत्या के आरोप में प्रेमी गिरफ्तार
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में 30 वर्षीय एक महिला का शव मिलने के तीन दिन बाद उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। रविवार को कालिंदी कुंज इलाके में 30 वर्षीय एक महिला का शव बरामद किया गया, जिसके शरीर पर चाकू से वार किए जाने के घाव थे।
गला रेत दिया महिला का
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी तौफीक हत्या और हत्या के प्रयास के मामलों में जमानत पर बाहर था। उसे हरियाणा के मेवात इलाके से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसका महिला के साथ विवाहेतर संबंध था और वह उसके परिवार के साथ उसके घर पर रहना चाहता था। तौफीक ने पुलिस को यह भी बताया कि वह महिला के पति को जानता था। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त रवि कुमार सिंह ने बताया कि 12 अक्टूबर को रात करीब नौ बजे तौफीक महिला के घर में घुस गया और रात भर पहली मंजिल पर रहा। अगली सुबह जब महिला उससे मिलने गई तो दोनों में कहासुनी हो गई और उसने महिला पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि उसने महिला गला रेत दिया और उसके शरीर पर जगह-जगह चाकू से वार किए। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मेवात भाग गया।
पति की भी की हत्या
पुलिस ने बताया कि तौफीक ने 2019 में महिला के पति की कथित तौर पर हत्या कर दी थी और उस पर मुकदमा चल रहा है। जमानत पर छूटने के बाद उसने महिला के पड़ोसी गुलजार की हत्या करने की भी कोशिश की थी जिसके बाद उसे फिर से जेल भेज दिया गया। उसने बताया कि महिला की बेटी ने पहले पुलिस को बताया था कि उसने और उसके भाई ने अपनी मां को फर्श पर बेहोश पड़ा देखा था। पुलिस ने कहा कि तौफीक को मैकेनिकल के विषय में डिप्लोमा प्राप्त है और हरियाणा के पलवल में किसी निजी कंपनी में काम कर रहा था। वह पहले भी चार अलग-अलग आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसने कहा कि इस मामले की जांच जारी है।(भाषा)


