Somvar Vrat: सोमवार के दिन ऐसे करें भगवान शिव की पूजा, हर काम में मिलेगी सफलता, सुनें ये भजन

सोमवार (Somvar) के दिन सच्चे मन से भगवान शिव (Shiv) की पूजा करने का विशेष महत्व है। कहा जाता है इस दिन भगवान शिव की पूजा करने से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। इस दिन भगवान शिव का व्रत भी रखना चाहिए। इस दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान कर लेना चाहिए। इसके बाद मंदिर जाकर भगवान शिव के शिवलिंग पर जल या दूध अर्पित करना चाहिए। सुबह और शाम भगवान शिव और मां पार्वती की पूजा करनी चाहिए। साथ ही, व्रत कथा भी जरूर करें। बिना व्रत कथा के व्रत पूर्ण नहीं माना जाता है। इस दिन शिवजी के भजन भी सुनना चाहिए। सोमवार के दिन ऐसा करने से आपकी हर मनोकामना शिव जी पूरी करेंगे।
सोमवार के दिन इसलिए की जाती है शिव पूजा
सोमवार के दिन शिव की पूजा के साथ-साथ व्रत भी रखा जाता है। इस दिन रखे जाने वाले व्रत को सोमेश्वर व्रत के नाम से भी जाना जाता है। इसका अर्थ होता है सोम के ईश्वर यानी चंद्रमा के ईश्वर जो कि भगवान शिव को कहा जाता है। पौराणिक कथा के अनुसार, चंद्र देव ने इसी दिन भगवान शिव की आराधना करके उन्हें प्रसन्न किया था और अपने क्षय रोग से मुक्ति पाई थी। तब से सोमवार के दिन को ही भगवान शिव की पूजा के लिए उत्तम माना जाने लगा है। पौराणिक कथा के अनुसार, मां पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में स्वीकार करने के लिए कठिन तपस्या की थी। उन्हें पाने के लिए 16 सोमवार के व्रत भी रखे थे। इससे प्रसन्न होकर भगवान शिव ने मां पार्वती को वरदान मांगने को कहा था, जिसमें उन्होंने शिव को पति के रूप में मांगा था और भगवान शिव उन्हें मना नहीं कर पाए थे, तब से ही सोमवार के व्रत की मान्यता है।
सोमवार के व्रत के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करने के बाद मंदिर में भगवान शिव को जल या दूध चढ़ाएं। इसके बाद भगवान शिव और मां पार्वती की पूजा और आरती करें। इस दिन तीसरे पहर तक व्रत होता है। सोमवार के व्रत में फलाहार या पारण का कोई खास नियम नहीं है। दिन में तीसरे पहर के बाद ही भोजन किया जाता है। सोमवार के व्रत तीन प्रकार के होते हैं। हर सोमवार, सोम्य प्रदोष और 16 सोमवार। तीनों व्रत की विधि एक जैसी ही होती है। शिव पूजन के बाद कथा सुनना जरूरी होता है। शाम के समय भगवान की पूजा-अर्चना की जाती है और आरती की जाती है। हिंदू धर्म में सोमवार का दिन भगवान शिव को समर्पित माना गया है।
सोमवार के दिन करें ये काम, पूरी होगी हर मनोकामना
– शिवलिंग पर केसर वाला दूध चढ़ाना चाहिए। इससे शादी में आ रही रुकावटें दूर होने के साथ ही जल्द ही विवाह योग बनता है।
– इस दिन मछलियों को आटे की गोलियां भगवान शिव का ध्यान करते हुए खिलाने से माना जाता है कि धन की प्राप्ति होती है।
– किसी खास इच्छा पूर्ति के लिए सोमवार को 21 बेल पत्रों पर चंदन से ऊं नमः शिवाय लिखकर शिवलिंग पर चढ़ाना चाहिए।
– नंदी को सोमवार के दिन हरी घास खिलाने के संबंध में मान्यता है कि ऐसा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है।
– गरीबों और जरूरतमंदों को सोमवार के दिन भोजन अवश्य करवाना चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से घर में कभी अन्न की कमी न होने के साथ ही पितरों की आत्मा को भी शांति प्राप्त होती है।
– शिवलिंग का 101 बार जलाभिषेक करने के संबंध में मान्यता है कि ऐसा करने से व्यक्ति निरोग रहता है।
– महामृत्युंजय मंत्र का सोमवार के दिन 101 बार जाप करना चाहिए।
– सोमवार के दिन सफेद गाय को रोटी खिलाना शुभ माना जाता है।
-सोमवार को सच्चे मन से भगवान शिव की पूजा करनी चाहिए। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



