Haryana Election 2024: राहुल गांधी का भाजपा पर निशाना, क्यों Dunki हुए हरियाणा के युवा?

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने हरियाणा (Haryana) में बेरोजगारी की समस्या को लेकर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा और सवाल किया कि आखिर राज्य के युवा डंकी (Dunki) होने पर मजबूर क्यों हैं? उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनते ही एक ऐसी व्यवस्था बनाई जाएगी जिसमें युवाओं को सपनों के लिये अपनों से दूर नहीं होना पड़ेगा। (भाषा)
राहुल गांधी ने साधा निशाना
राहुल गांधी ने मंगलवार को सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में लिखा है कि क्यों Dunki हुए हरियाणा के युवा? भाजपा द्वारा फैलाई गई ‘बेरोजगारी की बीमारी’ की कीमत लाखों परिवार अपनों से दूर हो कर चुका रहे हैं। अमेरिका यात्रा के दौरान हरियाणा के उन युवाओं से मुलाकात हुई जो घर परिवार से दूर खुद को पराए मुल्क में खपा रहे हैं। भारत लौटने पर जब उनके परिवार से मिला तो उनकी आंखें दर्द से छलक उठी। अवसरों के अभाव ने बच्चों से उनके पिता और बुजुर्गों से उनके बुढ़ापे का सहारा दूर कर दिया है। 10 वर्षों में भाजपा ने हरियाणा समेत देशभर के युवाओं से रोजगार के अवसर छीन कर उनके साथ घनघोर अन्याय किया है। टूटे भरोसे और हारे मन से मजबूर हो कर युवा ‘यातनाओं की यात्रा’ कर रहे हैं। डार से बिछड़े इन प्रवासी पंछियों को अगर अपने देश में, अपनों के बीच बस जीविका कमाने का मौका भी मिले तो ये अपना वतन कभी नहीं छोड़ेंगे। हमारा संकल्प है कि कांग्रेस सरकार बनते ही हम हरियाणा में एक ऐसी व्यवस्था बनाएंगे जिसमें युवाओं को सपनों के लिये अपनों से दूर नहीं होना पड़ेगा। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



