देश-दुनिया

Tripura News: त्रिपुरा के दो उग्रवादी समूहों ने शांति समझौता पर किए हस्ताक्षर

त्रिपुरा (Tripura) में हिंसा समाप्त करने और शांति लाने के लिए बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में केंद्र और प्रदेश सरकार तथा राज्य के दो उग्रवादी समूहों के बीच शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के दौरान नेशनल लिबरेशन फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (एनएलएफटी) और ऑल त्रिपुरा टाइगर फोर्स (एटीटीएफ) के प्रतिनिधियों के साथ त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा और गृह मंत्रालय तथा राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

अमित शाह बोले, यह समझौता पूर्वोत्तर के लिए 12वां और त्रिपुरा से जुड़ा तीसरा समझौता
अमित शाह ने कहा कि यह समझौता पूर्वोत्तर के लिए 12वां और त्रिपुरा से जुड़ा तीसरा समझौता है। अब तक लगभग 10,000 उग्रवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है, हथियार छोड़ दिए हैं और मुख्यधारा में शामिल हो गए हैं। आज, एनएलएफटी और एटीटीएफ के साथ समझौते और आत्मसमर्पण के साथ लगभग 328 से अधिक सशस्त्र कैडर मुख्यधारा में शामिल हो जाएंगे।

भारत सरकार, त्रिपुरा सरकार, NLFT और ATTF के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज हम सभी के लिए खुशी की बात है कि 35 वर्षों से चल रहे संघर्ष के बाद आप हथियार छोड़कर मुख्यधारा में शामिल हो गए हैं और संपूर्ण त्रिपुरा के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की है। पीएम मोदी जब से देश के प्रधानमंत्री बने हैं, तब से उन्होंने शांति और संवाद के जरिए सक्षम और विकसित पूर्वोत्तर का विजन देश के सामने रखा है। पूर्वोत्तर के लोगों और दिल्ली के बीच काफी दूरी थी। उन्होंने न केवल सड़क, रेल और हवाई संपर्क के माध्यम से इस दूरी को मिटाया बल्कि लोगों के दिलों के बीच की दूरियों को भी मिटाया। (एएनआई)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button