राजनीति

UP Politics: यूपी में बुलडोजर पर गरमाई राजनीति, जानें-किसने-क्या कहा

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में बुलडोजर पर राजनीति गरमाने लगी है। बुधवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बुलडोजर जैसी क्षमता, और दृढ़ प्रतिज्ञा जिसमें हो, वही बुलडोजर चला सकता है। दंगाइयों के सामने नाक रगड़ने वाले लोग बुलडोजर के सामने वैसे ही पस्त हो जाएंगे। तो अब ‘टीपू’ भी चले सुल्तान बनने। इस दौरान योगी ने यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव पर भी जमकर निशाना साधा।

बेईमानी और भ्रष्टाचार करने वालों की संपत्तियों को कुर्क करके गरीबों में वितरित करने का काम करेंगे
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले जिन्होंने देश को लूटा, आज जब उनके सपने टूट गए, तो टीपू भी सुल्तान बनने चले, वे मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। उन्होंने राज्य के युवाओं, व्यापारियों और उद्यमियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। आज कोई भी आपकी क्षमता और योग्यता के रास्ते में बाधा नहीं बन सकता है। यदि कोई बाधा उत्पन्न हुई तो हमें उसे हटाएंगे। जो लोग बेईमानी और भ्रष्टाचार करेंगे, उनकी संपत्तियों को कुर्क करके गरीबों में वितरित करने का काम करेंगे।

अखिलेश यादव बोले, संविधान खतरे में
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि हम पहले दिन से कहते आ रहे हैं कि संविधान खतरे में है। अधिकार छीने जा रहे हैं। कोई कल्पना कर सकता था कि जाति और धर्म को देख कर तबादले किए जा रहे हैं। आज महिलाओं के उत्पीड़न में उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है। जब इतने ही नाम बदले जा रहे हैं, तो मुख्यमंत्री (योगी आदित्यनाथ) भारतीय जनता पार्टी का भी नाम बदल दें उसे भारतीय जोगी पार्टी बना दें।

कहा, बुलडोजर इतना ही सफल है तो
अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा है कि अगर आप और आपका बुलडोजर इतना ही सफल है तो अलग पार्टी बनाकर ‘बुलडोजर’ चुनाव चिन्ह लेकर चुनाव लड़ जाइए। आपका भ्रम भी टूट जाएगा और घमंड भी। वैसे भी आपके जो हालात हैं, उसमें आप भाजपा में होते हुए भी ‘नहीं’ के बराबर ही हैं, अलग पार्टी तो आपको आज नहीं तो कल बनानी ही पड़ेगी।

मायावती बोले, आपराधिक तत्वों के परिवार पर बुलडोजर का इस्तेमाल करने की बजाय अधिकारियों पर हो कार्रवाई
बसपा प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि देश में आपराधिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई कानून के तहत होनी चाहिए तथा इनके अपराध की सजा उनके परिवार व नजदीकी लोगों को नहीं मिलनी चाहिए। यह सब हमारी पार्टी की रही सरकार ने ’कानून द्वारा कानून का राज’ स्थापित करके भी दिखाया है। बुलडोजर का भी इस्तेमाल अब सुप्रीम कोर्ट के आने वाले निर्णय के मुताबिक ही होना चाहिए। हालांकि उचित तो यही होगा कि इसका इस्तेमाल करने की जरूरत ही ना पड़े, क्योंकि आपराधिक तत्वों को सख्त कानूनों के तहत भी निपटा जा सकता है। जबकि आपराधिक तत्वों के परिवार व नजदीकियों पर बुलडोजर का इस्तेमाल करने की बजाय संबंधित अधिकारियों पर ही कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, जो ऐसे तत्वों से मिलकर, पीड़ितों को सही न्याय नहीं देते हैं। सभी सरकारें इस ओर जरूर ध्यान दें। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button