Kolkata Stampede: कोलकाता भगदड़ में 19 लोगों की मौत, घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे अमित शाह

Amit Shah In Kolkata: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार सुबह उस अस्पताल पहुंचे, जहां कोलकाता के एक दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ में घायल हुए 14 लोगों का इलाज किया जा रहा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी शाह के साथ थे। पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री शरतवत मुखर्जी ने रविवार को कहा कि उत्तर कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ में जान गंवाने वाले 19 लोगों में से आधे से अधिक व्यक्तियों के शवों का पोस्टमॉर्टम पूरा हो चुका है। शनिवार शाम बारिश के बीच भीड़ बढ़ने के कारण उत्तर कोलकाता के इस पंडाल में भगदड़ मचने से 25 अन्य लोग घायल हो गए।

घायलों का कुशलक्षेम जाना
अमित शाह ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है ति कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में हुए हादसे में घायल श्रद्धालुओं से अस्पताल जाकर मिला और उनका कुशलक्षेम जाना। इस कठिन घड़ी में पश्चिम बंगाल सरकार हर घायल और पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। मां दुर्गा सभी घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें, यही प्रार्थना है।

कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ में 19 लोगों की मौत, कई घायल
उत्तर कोलकाता में चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार को बारिश के बीच अचानक भीड़ का दबाव बढ़ने से भगदड़ मच गई, जिसमें कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी कोलकाता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचे, जहां हादसे के पीड़ितों को भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि घायलों में से एक की हालत गंभीर है, जबकि अन्य की हालत स्थिर है।
दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ मचने के मामले में आयोजकों समेत सात लोग गिरफ्तार
कोलकाता पुलिस ने चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ के सिलसिले में आयोजकों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
कुप्रबंधन और भ्रमित करने वाली घोषणाओं के कारण चोरबागान पंडाल में मची भगदड़: कोलकाता पुलिस
कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को कहा कि महासप्तमी के उत्सव के दौरान अचानक तेज बारिश के बाद भीड़ का उचित प्रबंधन नहीं किए जाने और भ्रामक घोषणाओं के कारण लोगों में घबराहट फैल गई होगी, जिससे उत्तर कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ मच गई। अधिकारी ने कहा कि परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के साथ-साथ स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से संकेत मिलता है कि शनिवार शाम पंडाल में भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिससे यह घटना हुई। (भाषा)



