देश-दुनिया

UP News: योगी आदित्यनाथ बोले, उत्तर प्रदेश देश का पांचवां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि यह प्रदेश देश का पांचवां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य है और इसके निर्यात में भदोही के कालीन उद्योग का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रदेश का निर्यात करीब 2.27 गुना बढ़कर दो लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।

कहा, हाथ से बनी भदोही की कालीनों की मांग आज पूरी दुनिया में सबसे अधिक
सीएम योगी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि पहले भदोही का हुनर अपनी राह तलाशता था, आज सरकार उसके लिए विकास, बाजार और अवसर के नए द्वार खोल रही है। प्रदेश का निर्यात पिछले 10 वर्षों में लगभग 2.27 गुना बढ़कर आज दो लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है और उत्तर प्रदेश देश का पांचवां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य है। निर्यात में भदोही के कालीन का बड़ा योगदान है। जिन हाथों ने अपने हुनर से भदोही के कालीनों को दुनिया तक पहुंचाया, वर्ष 2017 से पहले वही हाथ बुनियादी सुविधाओं और अवसरों के लिए प्रतीक्षा करते रहे। आज डबल इंजन सरकार में वही हुनर विकास और वैश्विक बाजार, दोनों से जुड़ रहा है। हाथ से बनी भदोही की कालीनों की मांग आज पूरी दुनिया में सबसे अधिक है, जो वैश्विक मंच पर उत्तर प्रदेश के हुनर का लोहा मनवा रही हैं।

कालीन उद्योग के निर्यातकों, विक्रेताओं एवं उद्यमियों से संवाद करेंगे
एशिया के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय हस्तनिर्मित कालीन व्यापार मेले इंडिया कारपेट एक्सपो के स्वर्ण जयंती संस्करण का आज शुभारंभ कर कालीन उद्योग के निर्यातकों, विक्रेताओं एवं उद्यमियों से संवाद करूंगा। इस अवसर पर भदोही, औराई एवं ज्ञानपुर विधान सभा क्षेत्रों को 1,340 करोड़ रुपये से अधिक की 112 विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ प्रदान किए जाएंगे। कारीगर के हाथ को सम्मान, उद्यम को विस्तार, युवाओं को रोजगार और भदोही को समृद्धि, यही नए उत्तर प्रदेश में विरासत और विकास के संगम की नई पहचान है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button