Punjab Crime: सीमा पार तस्करी की कोशिश नाकाम, 27 किलोग्राम हेरोइन, पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार

Punjab News: सीमा पार तस्करी के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस शाखा ने 27 किलोग्राम हेरोइन बरामद की और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि एक विदेश निर्मित .30 बोर पिस्तौल और तीन कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
अमृतसर के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल में प्राथमिकी दर्ज
पंजाब पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बुधवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी दुबई के एक व्यक्ति और सीमा पार तस्करों के साथ समन्वय में काम कर रहे थे तथा उसके निर्देश पर आगे इसकी तस्करी कर रहे थे। इस संबंध में अमृतसर स्थित स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) में प्राथमिकी दर्ज की गई। तस्करी नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों की पहचान करने और इसकी कड़ियों का पता लगाने के लिए मामले की जांच जारी है। पंजाब पुलिस सीमा पार तस्करी पर कड़ी निगरानी बनाए रखने और मादक पदार्थों व हथियारों की तस्करी तथा संगठित आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



