Weather Update: दिल्ली में बारिश की संभावना, महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में 80 दिन से बारिश नहीं; भूजल स्तर 7.02 मीटर गिरा

Weather News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिन के दौरान बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम केंद्रों में लोधी रोड में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के सामान्य तापमान से 2.2 डिग्री अधिक है।
मराठवाड़ा के धाराशिव जिले में 80 दिन से बारिश नहीं, भूजल स्तर 7.02 मीटर गिरा: रिपोर्ट
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के मध्य में स्थित धाराशिव जिले में 80 दिन तक बारिश नहीं हुई, जिससे इस खरीफ मौसम में फसल को 80 से 85 प्रतिशत तक नुकसान होने की आशंका है। एक सरकारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। जिला कलेक्टर कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार, बारिश नहीं होने से फूल आने और फलियां बनने के महत्वपूर्ण चरण के दौरान मिट्टी में नमी की भारी कमी हो गई है, जिससे अनाज के विकास और उसमें दाने भरने पर असर पड़ा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस गंभीर स्थिति के बीच किसान अपने खेतों में सूखे पौधों को मवेशियों के चारे के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। (भाषा)



