धर्म संसार

Ganeshotsav 2026 : देशभर में गणेशोत्सव की धूम, पीएम मोदी ने गणेश चतुर्थी पर देशवासियों को दीं शुभकामनाएं

Ganesh Chaturthi 2026: देशभर में गणेशोत्सव की धूम है। मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं हैं। गणेश उत्सव यानी गणेश चतुर्थी हिंदू पंचांग के अनुसार हर साल भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाता है।



आस्था और उल्लास से सजी मुंबई, 11 दिवसीय गणेश उत्सव शुरू
मुंबई में 11 दिवसीय गणेशोत्सव की शुरुआत के साथ ही सोमवार को यहां की गलियां-कूचे गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंज उठे और ढोल-नगाड़ों बीच श्रद्धालु भगवान गणेश की छोटी-बड़ी प्रतिमाओं को अपने घरों व मोहल्लों के पंडालों में विराजमान करने के लिए ले जाते नजर आए। मुंबई की संकरी गलियों से लेकर मनमोहक कलाकृतियों से सजे भव्य मोहल्ला पंडालों तक, हर ओर भगवान गणेश के स्वागत की तैयारियां दिखाई दे रही हैं। आराध्य देव के वार्षिक आगमन ने मानो पूरे शहर को भक्ति और उत्सव के एक सूत्र में बांध दिया है।

राजस्थान में गणेश चतुर्थी पर मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
गणेश चतुर्थी पर राजधानी जयपुर सहित राज्य के सभी प्रमुख गणेश मंदिरों में विशेष सजावट और पूजा की गई तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं पूजा करने पहुंचे। राजधानी जयपुर के प्रसिद्ध और मुख्य मोती डूंगरी गणेश मंदिर में रविवार से ही श्रद्धालु आने लगे थे। रविवार को सिंजारा में मेहंदी लेने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सुबह पांच बजे मंगला आरती के साथ दर्शन शुरू हुए।

प्रधानमंत्री मोदी ने गणेश चतुर्थी पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गणेश चतुर्थी के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और प्रार्थना की कि ईश्वर के आशीर्वाद से सभी के प्रयास सफल हों एवं देश निरंतर प्रगति करता रहे। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कामना की कि विघ्नहर्ता भगवान गणेश की पूजा-अर्चना और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का यह पावन पर्व सभी के जीवन में नयी ऊर्जा और उत्साह का संचार करे।

गणेश चतुर्थी का त्योहार हमें प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है: राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को गणेश चतुर्थी की पूर्व संध्या पर देशवासियों को बधाई दीं और कहा कि यह त्योहार हमें नए संकल्पों के साथ प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश बुद्धि, समृद्धि और शुभारंभ के प्रतीक हैं।

जानें, कब मनाया जाता है गणेशोत्सव
गणेश उत्सव हिंदू धर्म के सबसे लोकप्रिय त्योहारों में से एक है। यह पर्व भगवान गणेश के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। हर वर्ष भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से इस त्योहार की शुरुआत होती है। दस दिनों तक श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया जाता है। सोमवार को यह त्योहार पूरे देश में मनाया जा रहा है।

जानिए, क्यों मनाया है गणेशोत्सव
माना जाता है कि माता पार्वती ने अपने उबटन से भगवान गणेश की रचना की थी। उन्होंने गणेश जी को अपने द्वार की रक्षा का दायित्व सौंपा। जब भगवान शिव वहां पहुंचे, तो गणेश जी ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इससे क्रोधित होकर शिव जी ने उनका सिर काट दिया। बाद में माता पार्वती के दुखी होने पर शिव जी ने हाथी का सिर लगाकर उन्हें पुनर्जीवित किया और प्रथम पूजनीय देवता का वरदान दिया. माना जाता है कि इसी घटना की स्मृति में गणेश चतुर्थी का पर्व मनाया जाने लगा। कब से यह त्योहार मनाया जाता है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button