क्राइम

Deepak Khatri Arrested: हथियार तस्करी और आतंकी मॉड्यूल मामले में जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का साथी दीपक खत्री गिरफ्तार

Lawrence Bishnoi: दिल्ली पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी और आतंकी मॉड्यूल मामले में जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी सहयोगी दीपक खत्री उर्फ मामा को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पूछताछ के बाद किया गिरफ्तार
पुलिस ने एक बयान में कहा कि पश्चिम विहार निवासी खत्री (45) को उसके खिलाफ जारी लुक-आउट सर्कुलर (एलओसी) के तहत यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया और बाद में पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। यह गिरफ्तारी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), शस्त्र अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के प्रावधानों के तहत अपराध शाखा द्वारा दर्ज प्राथमिकी के तहत की गई है। खत्री बिश्नोई से संबंधित हथियार तस्करी मॉड्यूल से सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ था और उसे गिरोह के सदस्यों के लिए अवैध हथियार और कारतूसों की कथित तौर पर व्यवस्था करने का काम सौंपा गया था।

अब तक 18 आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दावा किया कि जांच में अब तक 18 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और 32 विदेश निर्मित आग्नेयास्त्रों और कारतूसों की बरामदगी हुई है, जिसमें दो सब-मशीन गन और 363 कारतूस शामिल हैं। पूछताछ के दौरान खत्री ने खुलासा किया कि वह पहली बार बिश्नोई से 2021 में मिला था जब गैंगस्टर को पुलिस हिरासत पर दिल्ली लाया गया था। एक दोस्त के माध्यम से वह बिश्नोई से मिला और बाद में उसे कानूनी मदद और अन्य सुविधाएं प्रदान कीं। बाद में खत्री ने काला जठेड़ी, काला राणा और जग्गू भगवानपुरिया सहित गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ संपर्क बनाए। बाद में वह जेल में बंद और जेल के बाहर गिरोह के सदस्यों के बीच संदेशों के आदान प्रदान का माध्यम बना। खत्री दिल्ली में रंगदारी और धमकी के मामलों में समझौता कराने में शामिल रहा।

जानें, क्या है मामला
बयान में कहा गया है कि 2023 में ऐसे ही एक मामले में बिश्नोई ने एक व्यवसायी को खत्री के माध्यम से लगभग 2.5 करोड़ रुपये की रंगदारी को लेकर समझौते पर बातचीत करने का निर्देश दिया था। टीम को पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या में शूटर द्वारा इस्तेमाल किए गए हथियारों की खरीद में भी उसकी कथित लिप्तता मिली है। हथियार कथित तौर पर आरोपी शाहबाज अंसारी और सलीम पिस्टल के माध्यम से खरीदे गए थे। अंसारी हथियार तस्करी नेटवर्क का कथित सरगना और राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) मामले में बिश्नोई का सह-आरोपी है। जमानत मिलने के बाद वह भारत से भाग गया और वह वर्तमान में बांग्लादेश से कथित रूप से सक्रिय है। खत्री ने कथित तौर पर सह-आरोपी निशांत अरोड़ा उर्फ ​नोनी और हर्ष पाल सिंह उर्फ ​रूबल के साथ संपर्क स्थापित किया, जो बिश्नोई गिरोह के सदस्यों और सहयोगियों के लिए अंसारी से विदेशी निर्मित आग्नेयास्त्र और कारतूस खरीद रहे थे। पुलिस ने दावा किया कि जांच में अवैध हथियारों की खरीद, परिवहन और आपूर्ति में शामिल एक नेटवर्क का पता चला है। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button