Nepal Flood: नेपाल में बाढ़ के बाद यूपी के महराजगंज और कुशीनगर जिलों में बढ़ाई गई निगरानी, बिहार में अलर्ट; गंडक बैराज के सभी 36 फाटक खोले गए

Flood: नेपाल में बाढ़ के बाद भारत में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ पर चिंता जताई। सीएम योगी ने महराजगंज एवं कुशीनगर के जिला प्रशासन को किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया।अधिकारियों ने बताया कि नेपाल में आई बाढ़ के कारण महराजगंज और कुशीनगर जिलों में गंडक और नारायणी नदियों के जलस्तर में वृद्धि होने की आशंका है।
बाढ़ से हुई क्षति अत्यंत चिंताजनक
सीएम योगी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ से हुई क्षति अत्यंत चिंताजनक है।भगवान पशुपतिनाथ से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना है। इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश के जनपद महराजगंज और कुशीनगर में गंडक एवं नारायणी नदियों के जलस्तर में वृद्धि तथा बाढ़ की संभावना के दृष्टिगत स्थानीय प्रशासन को पूर्ण सतर्कता बरतने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बाढ़ से प्रभावित सभी भारतीय नागरिक सकुशल एवं सुरक्षित हों
नेपाल में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित सभी भारतीय नागरिक सकुशल एवं सुरक्षित हों, भगवान पशुपतिनाथ से यही प्रार्थना है। नेपाल से सटे उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जनपदों के अधिकारियों को नेपाल प्रशासन के साथ सतत समन्वय स्थापित करते हुए वहां से बाढ़ प्रभावित भारतीय नागरिकों की सुरक्षा एवं सुरक्षित वापसी को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
नेपाल में आई बाढ़ के बाद बिहार में अलर्ट, गंडक बैराज के सभी 36 फाटक खोले गए
बिहार सरकार ने पड़ोसी देश नेपाल के कई जिलों में बुधवार को अचानक आई बाढ़ के बाद गंडक नदी में जलप्रवाह बढ़ने की आशंका को देखते हुए पूरे तंत्र को हाई अलर्ट पर रखा है। स्थिति से निपटने के लिए वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बैराज के सभी 36 फाटक खोल दिए गए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि बुधवार दोपहर तक वाल्मीकिनगर गंडक बैराज से करीब 86 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था और जलप्रवाह लगातार बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
बाढ़ से हुई जनहानि अत्यंत दुखद
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। इस आपदा में दिवंगत लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि नेपाल में फंसे सभी भारतीय नागरिक सकुशल एवं सुरक्षित हों। संकट की इस घड़ी में भारत सरकार और भारत के नागरिक नेपाल के अपने भाई-बहनों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राहत एवं बचाव कार्यों में हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है।
एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमें तैनात
नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की स्थिति को देखते हुए उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर संबंधित जिलों को पूरी तरह अलर्ट रहने का निर्देश दिया। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर एवं वैशाली सहित संवेदनशील जिलों में तटबंधों की दिन-रात निगरानी, नाइट पेट्रोलिंग एवं आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमें तैनात हैं। नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



