देश-दुनिया

Weather Update: दिल्ली और राजस्थान में बारिश की संभावना, ओडिशा में 17 तक भारी बारिश के आसार; असम में कई बाढ़ प्रभावित इलाकों में बारिश का अनुमान

Weather News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को बारिश की संभावना है। वहीं, ओडिशा में 17 अघस्त कर भारी बारिश के आसार हैं। इधर, असम में कई बाढ़ प्रभावित इलाकों में बारिश का अनुमान है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और पालम में यह 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

बादल छाए, बारिश से कई इलाकों में लगा जाम; वायु गुणवत्ता संतोषजनक
राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को बादल छाए रहे और बारिश हुई। इस बीच आज कांवड़ यात्रा के अंतिम दिन कांवड़ियों की आवाजाही तथा इसके चलते लागू यातायात प्रतिबंधों के कारण शहर के कई हिस्सों में भारी जाम लग गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच सफदरजंग में चार मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई, जबकि पालम में 1.4 मिमी, लोधी रोड में 1.5 मिमी, रिज में 3.7 मिमी और आयानगर में 1.6 मिमी बारिश हुई।

राजस्थान में कई जगह भारी बारिश होने की संभावना
दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय रहने के कारण बुधवार को राजस्थान के अनेक हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार कई जगह मध्यम से लेकर भारी बारिश हो सकती है।

ओडिशा में 17 अगस्त तक भारी बारिश के आसार
बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव वाला नया क्षेत्र बनने से ओडिशा में 17 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को यह जानकारी दी। आईएमडी ने सुबह जारी बुलेटिन में कहा कि यह मौसमी प्रणाली अगले 48 घंटों के दौरान और अधिक सक्रिय हो सकती है तथा उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ सकती है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के इलाकों में कल बने ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से आज (बुधवार) सुबह साढ़े पांच बजे पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटों के पास उत्तरी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना। भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने एक अन्य बुलेटिन में कहा कि राज्य में अगले पांच से छह दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है।

मछुआरों को 15 अगस्त तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई
मौसम विज्ञान केंद्र, भुवनेश्वर की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा कि हमने अंगुल और क्योंझर जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ (कार्रवाई के लिए तैयार रहें) और ओडिशा के बाकी जिलों में भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’ (सतर्क रहें) जारी किया है। 15 अगस्त तक ओडिशा तट और उसके आसपास 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं तथा इस दौरान हवा की रफ्तार कभी-कभी 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इस दौरान समुद्र के अशांत रहने की भी संभावना है। बुलेटिन में मछुआरों को 15 अगस्त तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। 17 अगस्त तक भारी बारिश के कारण कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में नदियों में बाढ़ आने की आशंका भी है।

असम में मौसम विभाग ने कई बाढ़ प्रभावित इलाकों में और बारिश का जताया अनुमान
असम में बाढ़ की स्थिति बुधवार को भी गंभीर बनी रही और चार जिलों में 1.12 लाख से अधिक लोग इससे प्रभावित हैं तथा बाढ़ से प्रभावित कई इलाकों में और बारिश होने का अनुमान है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के एक अधिकारी ने बताया कि कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर हैं, जिससे कुछ नए इलाकों में भी बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है।(भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button