Hydrogen Train: पीएम मोदी ने जींद-सोनीपत के बीच चलने वाली भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

PM Modi Haryana Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा में जींद रेलवे स्टेशन से जींद और सोनीपत के बीच भारत की पहली, हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही, भारत उन चुनिंदा देशों के समूह में शामिल हो गया, जिनके पास हाइड्रोजन ऊर्जा से संचालित ट्रेनें हैं।
आत्मनिर्भर भारत और सतत विकास की दिशा में बड़ा दिनः पीएम मोदी
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि आज भारत को पहली हाइड्रोजन ट्रेन मिलने का सपना साकार होने जा रहा है। यह आत्मनिर्भर भारत और सतत विकास की दिशा में एक बहुत बड़ा दिन है। मैं इससे जुड़े सभी लोगों को बहुत बधाई देता हूं।
हरियाणा को कई बड़ी और ऐतिहासिक सौगातें देंगे पीएम मोदीः नायब सैनी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि प्रधानमंत्री मोदी आज हरियाणा को कई बड़ी और ऐतिहासिक सौगातें देंगे ।
भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन बहु आयामी सुरक्षा प्रणालियों से लैस
भारत में हाइड्रोजन से चलने वाली पहली ट्रेन बहु-आयामी सुरक्षा प्रणाली से लैस है, जो हाइड्रोजन रिसाव, गर्मी, आग की लपटों और धुएं का पता लगाने में सक्षम हैं।
हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कमी की दिशा में अहम कदम: विशेषज्ञ
विशेषज्ञों का कहना है कि भारत की पहली हाइड्रोजन-चालित ट्रेन रेलवे जैसे अत्यधिक ऊर्जा-खपत वाले क्षेत्र में जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम करने और ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में कमी लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



