राजनीति

E-20 Fuel: ई-20 ईंधन पर वाहन कंपनियों से लिखित आश्वासन मांगेंगे अरविंद केजरीवाल

Delhi Politics: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि वह देश की तीन प्रमुख वाहन निर्माता कंपनियों को पत्र लिखकर यह मांग करेंगे कि वे लिखित रूप में आश्वासन दें कि ई-20 ईंधन के इस्तेमाल से वाहनों के इंजन को कोई नुकसान नहीं होता और न ही माइलेज में कमी आती है।

पीएम मोदी को भी पत्र लिखेंगे
केजरीवाल ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर एथेनॉल मिश्रित ईंधन को लेकर लोगों के व्यापक विरोध से उन्हें अवगत कराएंगे और आग्रह करेंगे कि इस ईंधन के उपयोग को वैकल्पिक बनाया जाए। एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने मारुति सुजुकी, टोयोटा किर्लोस्कर और हीरो मोटोकॉर्प का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि इन कंपनियों के सार्वजनिक बयान उनके वाहनों की ओनर मैनुअल में दी गई जानकारी से मेल नहीं खाते। मैं इन सभी कंपनियों को पत्र लिखूंगा। मैं उनसे कहूंगा कि आपके ओनर मैनुअल में कुछ बात लिखी है, लेकिन आप सार्वजनिक रूप से कुछ और कह रहे हैं। आप लिखित में यह आश्वासन दें कि यदि आपके वाहन का माइलेज 10 प्रतिशत से अधिक कम हो जाता है, तो क्या आप ग्राहक को इसकी भरपाई करेंगे? यदि ई-20 एथेनॉल के उपयोग से वाहन को नुकसान होता है या उसके कलपुर्जे खराब होते हैं तो क्या उन पुर्जों को बदलने का खर्च भी आप वहन करेंगे? हालांकि, इस संबंध में तीनों वाहन कंपनियों की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

कहा, लोगों को गुमराह कर रही है सरकार
इस मौके पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सरकार यह कहकर लोगों को गुमराह कर रही है कि भारत एथेनॉल मिश्रित ईंधन अपनाने वाला पहला देश नहीं है। उन्होंने कहा कि यह आधा सच है। जिन देशों का उदाहरण दिया जा रहा है, वहां आमतौर पर एथेनॉल मिश्रण की मात्रा ई-10 से कम है। सामान्य वाहन ई-10 तक के मिश्रण का उपयोग कर सकते हैं, लेकिन उससे अधिक नहीं। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे पर सरकार पर हमलावर है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button