Maharashtra Politics: अरविंद सावंत बोले-व्हिप का उल्लंघन करने वाले शिवसेना यूबीटी के सांसदों के खिलाफ होगी कार्रवाई, संजय राउत ने कहा-बागियों को सबक सिखाने की जरूरत

ShivsenaUBT: शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) में विद्रोह की अटकलों के बीच उसके सांसदों की नई दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक से पहले पार्टी नेता अरविंद सावंत ने बृहस्पतिवार को कहा कि व्हिप का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बागियों को सबक सिखाने की जरूरत
शिवसेना (उबाठा) के नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने कहा कि बागियों को सबक सिखाने की जरूरत है।
शिवसेना यूबीटी की दिल्ली में अहम बैठक पार्टी के बागी सांसदों का भविष्य तय करेगी
शिवसेना (उबाठा) के भीतर जारी सियासी खींचतान के बीच बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में पार्टी के संसदीय दल की अहम बैठक होने जा रही है। एक दिन पहले ही सांसदों को बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल होने का व्हिप जारी किए जाने के बाद यह बैठक बागी सांसदों द्वारा अलग गुट बनाने की कोशिशों की दिशा तय कर सकती है और पार्टी के भीतर शक्ति संतुलन का महत्वपूर्ण संकेत दे सकती है। यह कदम तब उठाया गया, जब इसको लेकर अटकलें तेज हो गईं कि शिवसेना (उबाठा) के कुछ बागी सांसद लोकसभा में अलग गुट बनाने और बाद में एकनाथ शिंदे की अगुआई वाली शिवसेना में विलय करने की योजना बना रहे हैं। (भाषा)



