Nari Shakti: पीएम मोदी ने नारी शक्ति की सराहना की, कहा-महिलाएं बदल रही भारत की तस्वीर

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के प्रयास सम्मान, अवसर और सशक्तीकरण पर आधारित हैं और इनसे ऐसा माहौल बनाने में मदद मिली है, जहां महिलाएं अपनी पूरी क्षमता दिखा सकती हैं तथा राष्ट्र निर्माण में और अधिक मजबूती से योगदान दे सकती हैं। पीएम मोदी ने कहा कि राजग सरकार ने पिछले 12 वर्ष में महिलाओं के नेतृत्व में विकास को आगे बढ़ाने के लिए काम किया है और यह विभिन्न क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है।
जानें, क्या कहा प्रधानमंत्री ने
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि मुझे यह देखकर बहुत खुशी होती है कि भारत की नारी शक्ति विज्ञान, अंतरिक्ष और इनोवेशन जैसे क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही है। ड्रोन टेक्नोलॉजी जैसे नए उभरते क्षेत्रों में उनकी बढ़ती भागीदारी से अवसरों के नए रास्ते खुल रहे हैं और देश भर में विकास का परिदृश्य बदल रहा है।
यह भी कहा पीएम मोदी ने
प्रधानमंत्री के अनुसार, हमारी सरकार स्व-सहायता समूहों को सक्रिय रूप से सहयोग दे रही है, जो महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। पिछले 12 वर्षों में एनडीए सरकार ने महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास को आगे बढ़ाने के लिए काम किया है। और, यह बात विभिन्न क्षेत्रों में साफ दिखाई देती है। वित्तीय समावेशन और उद्यमिता से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, स्वच्छता, आवास, खेल, विज्ञान और शासन तक, महिलाएं अलग-अलग क्षेत्रों में अहम भूमिका निभा रही हैं। एनडीए सरकार के प्रयास सम्मान, अवसर और सशक्तिकरण पर आधारित हैं। इन प्रयासों ने ऐसा माहौल बनाने में मदद की है, जहां महिलाएं अपनी पूरी क्षमता को पहचान सकती हैं और राष्ट्र-निर्माण में और भी मजबूती से योगदान दे सकती हैं।
कहा, भारत की नारीशक्ति राष्ट्र निर्माण की आधारशिला
पीएम मोदी ने कहा कि भारत की नारीशक्ति राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। हमारी माताएं, बहनें और बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी अद्भुत प्रतिभा और कौशल से मां भारती का गौरव बढ़ा रही हैं। नारी त्रैलोक्यजननी नारी त्रैलोक्यरूपिणी। नारी त्रिभुवनाधारा नारी शक्तिस्वरूपिणी॥ (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



