Kulgam Encounter: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में पांच आतंकी ढेर

Jammu And Kashmir News: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बृहस्पतिवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में पांच आतंकी मारे गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार आधी रात के बाद शुरू किए गए अभियान में सुरक्षा बल के दो जवान भी घायल हो गए हैं।
तलाश अभियान के दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर चलाईं गोलियां
एक अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने बुधवार रात जिले के बेहिबाग इलाके के कद्देर गांव में घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया। तलाश अभियान के दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलियां चलाईं, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की और अभियान मुठभेड़ में तब्दील हो गया। आतंकियों के शव बाग में पड़े हैं, लेकिन अभी तक उन्हें कब्जे में नहीं लिया गया है। (भाषा)


